देश की खबरें | जागरण फिल्म महोत्सव के 11वें सत्र की शुरुआत तीन अगस्त से

नयी दिल्ली, 19 जुलाई जागरण फिल्म महोत्सव (जेएफएफ) का 11वां संस्करण तीन अगस्त से शुरू हो रहा है और इसके माध्यम से लोगों को अभिनेता अनुपम खेर एवं जानेमाने ईरानी फिल्म निर्माता माजिद मजीदी के फिल्म के क्षेत्र में किये गए कार्यों से अवगत होने का मौका मिलेगा।

इस महोत्सव को दुनिया का सबसे बड़ा सचल फिल्म महोत्सव बताया जाता है।

इस महोत्सव की शुरुआत भारतीय फिल्म उद्योग की वर्तमान स्थिति पर खेर के संबोधन के साथ होगी। इसके बाद उनकी रिलीज होने वाली नयी फिल्म "द सिग्नेचर" का विश्व प्रीमियर होगा, जिसमें 68-वर्षीय अभिनेता मुख्य भूमिका निभा रहे हैं।

अभिनेता अनुपम खेर ने एक बयान में कहा, ‘‘जेएफएफ का हिस्सा बनकर मुझे बेहद खुशी हो रही है, जहां मैं न केवल सिनेमा के मनोरम भारतीय परिप्रेक्ष्य को साझा कर सकता हूं, बल्कि ऐसे असाधारण मंच पर अपनी फिल्म 'द सिग्नेचर' का प्रतिनिधित्व भी कर सकता हूं। ऐसे मंच के माध्यम से, उद्योग का लक्ष्य न केवल भारतीय सिनेमा के महत्व पर जोर देना है, बल्कि आकांक्षी फिल्म निर्माताओं के लिए बेहतर कहानी की अनिवार्य आवश्यकता पर भी चर्चा कर सकते हैं।’’

ऑस्कर के लिए नामित फिल्म निर्माता मजीदी के काम से संबंधित प्रस्तुति से दर्शकों को एक असाधारण अनुभव भी मिलेगा। इससे दर्शकों को उनकी फिल्मों के बारे में गहराई से जानने का मौका मिलेगा। मजीदी को "चिल्ड्रेन ऑफ हेवन", "द सॉन्ग ऑफ स्पैरोज़" और "बियॉण्ड द क्लाउड्स" जैसी उनकी फिल्मों के लिए जाना जाता है।

मजीदी ने कहा, ‘‘प्रतिष्ठित जेएफएफ में आमंत्रित होने से मैं सम्मानित महसूस कर रहा है और इससे मुझे बहुत प्रसन्नता हुई है। यह मेरे लिए सिनेमा के वैश्विक फिल्म उद्योग के वर्तमान परिदृश्य को साझा करने का एक शानदार अवसर है।’’

मजीदी ने कहा, ‘‘जैसा कि हम सिनेमा के लगातार विकसित हो रहे परिदृश्य को देखते हैं, ओटीटी प्लेटफार्म के उभरते दायरे और फिल्मों को मिलने वाली वैश्विक पहचान का पता लगाना जरूरी है।’’

जागरण प्रकाशन लिमिटेड के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (रणनीति और ब्रांड विकास) बसंत राठौड़ ने कहा, ‘‘हम भारतीय पुनरावलोकन में अनुपम खेर और अंतरराष्ट्रीय पुनरावलोकन में माजिद मजीदी के अभूतपूर्व काम को रेखांकित करने को लेकर उत्सुक हैं। ये दोनों सिनेमा जगत के जानेमाने नाम हैं, जिनका काम दुनिया भर के दर्शकों को प्रेरित करता है।’’

उत्तर प्रदेश सरकार के सहयोग से आयोजित यह फिल्म महोत्सव दिल्ली से होगी और यह मुंबई, कानपुर, लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, बरेली, देहरादून, हिसार, गुरुग्राम, लुधियाना, पटना, दरभंगा, रांची, रायपुर, इंदौर और सिलीगुड़ी सहित कई अन्य शहरों का दौरा करेगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)