ठाणे, 11 अगस्त महाराष्ट्र के ठाणे स्थित नगर निकाय के तहत आने वाले एक अस्पताल में शुक्रवार को स्थिति सामान्य होने लगी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अस्पताल में एक दिन में पांच लोगों की कथित मौत के कारण बृहस्पतिवार रात बड़ी संख्या में लोग अस्पताल में एकत्र हो गये थे और अधिकारियों पर ‘लापरवाही’ का आरोप लगाते हुए मौत के संदर्भ में सवाल खड़े किये थे, जिसके बाद अस्पताल में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
अधिकारियों के अनुसार, कलवा के छत्रपति शिवाजी महाराज अस्पताल में बृहस्पतिवार देर रात हुई घटना के बाद पुलिस की भारी तैनाती की गई है। हालांकि, अस्पताल के अधिकारियों ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि बृहस्पतिवार को सिर्फ एक मरीज की मौत हुई है।
एक अधिकारी ने बताया कि दोपहर तक भीड़ तितर-बितर होने के बाद पुलिसकर्मियों की तैनाती भी कम कर दी गई।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता और विधायक जितेंद्र आव्हाड ने भी अस्पताल का दौरा किया और आरोप लगाया कि ‘लापरवाही’ की वजह से पांच मरीज़ों की मौत हो गई। उन्होंने दावा किया कि अस्पताल ने पैसों के लिए मरीज़ों के मरने के बाद भी इलाज का ढोंग किया।
बाद में उन्होंने मांग की कि राज्य सरकार बेहतर प्रबंधन के लिए अस्पताल को ठाणे नगर निकाय से अपने अधिकार में ले।
ठाणे पुलिस नियंत्रण कक्ष के एक कर्मी ने ‘पीटीआई-’ से कहा, “करीब 100 लोगों की भीड़ बृहस्पतिवार रात तकरीबन साढ़े 10 बजे नगर निकाय द्वारा संचालित अस्पताल में जमा हो गई। उन्होंने अस्पताल के अधिकारियों से मरीजों की मौत को लेकर सवाल किया और उनपर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया।”
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY