Thane: बुलेट ट्रेन परियोजना के लिए खोदे गए गड्ढे में लड़के की डूबकर मौत, मामला दर्ज
ठाणे जिले के भिवंडी कस्बे में, मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना के लिए खोदे गए एक गड्ढे में 12 वर्षीय लड़के की डूबकर मौत हो गई. एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि इस मामले में पुलिस ने एक ठेकेदार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है.
ठाणे, 10 अप्रैल : ठाणे जिले के भिवंडी कस्बे में, मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना के लिए खोदे गए एक गड्ढे में 12 वर्षीय लड़के की डूबकर मौत हो गई. एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि इस मामले में पुलिस ने एक ठेकेदार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है. अधिकारी ने बताया कि यह दुखद घटना सोमवार शाम कोपर गांव में उस समय हुई जब असुरक्षित तरीके के खुदाई का कार्य किए जाने वाले स्थान में पानी भरा था और लड़का उसमें गिर गया.
नारपोली पुलिस थाने के वरिष्ठ निरीक्षक भरत कामथ ने कहा कि उन्होंने कार्य स्थल पर काम कराने वाले ठेकेदार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 106 (लापरवाही से मौत का कारण बनना) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है. मुंबई और अहमदाबाद को जोड़ने के लिए 508 किलोमीटर लंबी निर्माणाधीन हाई स्पीड रेल लाइन का कार्य किया जा रहा है और परियोजना के तहत मुंबई के बाहरी इलाके में स्थित भिवंडी में एक डिपो बनाया जा रहा है. राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) के भिवंडी लोकसभा सांसद सुरेश म्हात्रे ने बुधवार को शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त की और न्याय दिलाने में उनका सहयोग करने का आश्वासन दिया. यह भी पढ़ें : मंदिर की नियुक्तियों में जाति के आधार पर चयन की तंत्रियों की मांग अस्वीकार्य: केडीआरबी अध्यक्ष
उन्होंने कहा, ‘‘यह हृदय विदारक घटना परियोजना में शामिल कंपनी की गैरजिम्मेदारी का प्रत्यक्ष परिणाम है. घटना के समय खुदाई स्थल पर कोई सुरक्षा अवरोधक या चेतावनी संकेत नहीं थे. बच्चा पानी से भरे गड्ढे में गिरा और उसकी मौत हो गई. त्रासदी के बाद ही जल्दबाजी में अवरोधक लगाए गए, जिससे कंपनी की लापरवाही और क्षति नियंत्रण दोनों का पता चलता है.’’ म्हात्रे ने मृतक के रिश्तेदारों के साथ घटनास्थल का दौरा किया और बाद में उन्होंने नारपोली थाने के वरिष्ठ निरीक्षक से फोन पर संपर्क कर लड़के की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 10, 2025 01:38 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

