एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | ठाकरे ने बेंगलुरु में शिवाजी की प्रतिमा विरूपित करने की घटना पर प्रधानमंत्री से हस्तक्षेप की मांग की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने बेंगलुरु में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा को कथित रूप से विरूपित किए जाने की घटना के मद्देनजर शनिवार को कर्नाटक सरकार से तत्काल कार्रवाई की मांग की।

देश की खबरें | ठाकरे ने बेंगलुरु में शिवाजी की प्रतिमा विरूपित करने की घटना पर प्रधानमंत्री से हस्तक्षेप की मांग की

मुंबई, 18 दिसंबर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने बेंगलुरु में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा को कथित रूप से विरूपित किए जाने की घटना के मद्देनजर शनिवार को कर्नाटक सरकार से तत्काल कार्रवाई की मांग की।

ठाकरे ने ‘‘कन्नड़ अत्याचार’’ और ‘‘विकृत मानसिकता’’ वाली घटनाओं को रोकने में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हस्तक्षेप की मांग की। उन्होंने कहा कि शिवाजी महाराज न केवल महाराष्ट्र के बल्कि पूरे देश के ‘‘देव’’ हैं। शिवसेना के प्रमुख ठाकरे ने कहा कि मराठा साम्राज्य के संस्थापक का कोई भी अनादर और अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

कर्नाटक की राजधानी में शिवाजी की एक प्रतिमा को कथित तौर पर विरूपित कर दिया गया। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि इस घटना के बाद बेलगावी में आधी रात के करीब भीड़ ने पुलिस और सरकारी वाहनों पर पथराव किया।

महाराष्ट्र का बेलगावी समेत सीमावर्ती इलाकों को राज्य में शामिल करने के मुद्दे पर कर्नाटक के साथ विवाद है। ठाकरे ने एक बयान में कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी को कर्नाटक सरकार को इस मामले में कार्रवाई करने का निर्देश देना चाहिए। इस घटना (प्रतिमा को कथित रूप से विरूपित करने) को हल्के में नहीं लिया जा सकता है। कई वर्षों से कर्नाटक में मराठी भाषी लोग अत्याचार का सामना कर रहे हैं। अब, छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा विरूपित की गई है।’’

ठाकरे ने हाल में वाराणसी में प्रधानमंत्री मोदी द्वारा दिए गए भाषण का हवाला दिया जहां उन्होंने छत्रपति शिवाजी का उल्लेख किया था। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी ने वाराणसी में कहा था कि जब भी भारत की संस्कृति को कुचला गया, छत्रपति शिवाजी महाराज जैसे योद्धा राजा पैदा हुए। लेकिन मोदी की टिप्पणी के कुछ ही दिनों बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित कर्नाटक में शिवाजी महाराज की प्रतिमा पर हमला किया गया। कार्रवाई करने के बजाए मराठी लोगों की आवाज को दबाया जा रहा है। यह निंदनीय है।’’ ठाकरे ने मांग की कि प्रधानमंत्री मराठी लोगों पर ‘‘कन्नड़ अत्याचार’’ को रोकने के लिए हस्तक्षेप करें।

महाराष्ट्र के शहरी विकास मंत्री और शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे ने कहा कि उस घटना पर किसी भी प्रतिक्रिया के लिए कर्नाटक सरकार जिम्मेदार होगी, जिसमें (शिवाजी महाराज की) प्रतिमा पर स्याही फेंकी गई थी। शिंदे कर्नाटक के मराठी बहुल सीमावर्ती इलाकों के समन्वय मंत्री हैं।

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता और कैबिनेट मंत्री छगन भुजबल ने कहा कि भाजपा ने शिवाजी महाराज का इस्तेमाल केवल अपने चुनाव प्रचार के लिए किया है। कांग्रेस नेता और राजस्व मंत्री बालासाहेब थोराट तथा राकांपा नेता और गृह मंत्री दिलीप वलसे पाटिल ने भी घटना की निंदा की और कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Dec 18, 2021 07:33 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).