परीक्षण किट: चीन ने भारत से मुद्दे के समाधान के लिए चीनी कंपनियों से संवाद बढ़ाने की अपील की
आईसीएमआर ने सोमवार को राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों को ग्वांगझू वोंदफो बायोटेक और झुहाई लिवजॉन डायग्नोस्टिक्स से खरीदे गये इन किटों का उनके प्रदर्शन में बहुत अंतर आने के चलते इस्तेमाल बंद कर देने को कहा था। भारत ने इन दोनों चीनी कंपनियों से करीब पांच लाख त्वरित एंटीबॉडी परीक्षण किट खरीदे थे।
बीजिंग, 28 अप्रैल चीन ने मंगलवार को भारत से भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) द्वारा त्रुटिपूर्ण पाये गये कोविड-19 के त्वरित एंटीबॉडी परीक्षण किटों को प्रदान करने वाली दो चीनी कंपनियों के साथ इस मुद्दे का ‘उपयुक्त समाधान’ करने के लिए संवाद बढ़ाने की अपील की।
आईसीएमआर ने सोमवार को राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों को ग्वांगझू वोंदफो बायोटेक और झुहाई लिवजॉन डायग्नोस्टिक्स से खरीदे गये इन किटों का उनके प्रदर्शन में बहुत अंतर आने के चलते इस्तेमाल बंद कर देने को कहा था। भारत ने इन दोनों चीनी कंपनियों से करीब पांच लाख त्वरित एंटीबॉडी परीक्षण किट खरीदे थे।
चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गेंग शुआंग से यहां मीडिया ब्रीफिंग के दौरान जब यह पूछा गया कि क्या चीन इस मुद्दे की जांच करेगा तो उन्होंने कहा कि भारत और चीन कोरोना वायरस महामारी सामने आने के बाद से ही एक-दूसरे से तालमेल एवं सहयोग करके चल रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘ जिस विशेष घटना का आपने उल्लेख किया है, हम आशा करते हैं कि भारतीय पक्ष इस मुद्दे के उपयुक्त समाधान के लिए चीनी कंपनियों के साथ संवाद बढ़ाएगा। वाकई, चीन और भारत के पास संवाद के चैनल हैं। ये खुले हुए हैं।’’
उन्होंने कहा कि चीन अपनी क्षमता के हिसाब से और अनुभव साझा करने एवं सहायता देने के लिए तैयार है।
चीनी प्रवक्ता ने यह भी जिक्र किया कि इन दोनों कंपनियों ने बयान जारी कर कहा कि उन्होंने जो त्वरित परीक्षण किट बनाये हैं उन्हें चीन का नेशनल मेडिकल प्रॉडक्ट्स एडमिनिस्ट्रेशन ऑफ चाइना (एनएमपीए) अनुमोदित कर चुका है और वे गुणवत्ता मापदंडों पर खरे उतरे हैं तथा यह भी कि आईसीएमआर से संबद्ध भारतीय विषाणु विज्ञान संस्थान भी उनपर मुहर लगा चुका है।
गेंग ने कहा, ‘‘चीन और भारत के बीच घनिष्ठ संवाद एवं सहयोग रहा है। चीन ने भारत के साथ अनुभव साझा किया एवं उसे चिकित्सीय चीजें दी हैं। हम आशा करते हैं कि भारतीय पक्ष तथ्यों को देखेगा और इस मुद्दे के उपयुक्त समाधान के लिए चीनी पक्ष के साथ संवाद बढ़ाएगा एवं इस वायरस का मुकाबला करने के लिए दोनों पक्षों के बीच सहयोग को बढ़ावा देने में मदद करेगा।’’
भारतीय अधिकारियों ने यहां कहा कि दिल्ली में संबंधित एजेंसियां इस मुद्दे से निपट रही हैं।
इससे पहले भारत में चीन के दूतावास ने एक बयान जारी करके कहा था कि वह दो चीनी कंपनियों द्वारा भारत को प्रदत्त कोविड-19 त्वरित परीक्षण किट के मूल्यांकन नतीजे और उनका उपयोग नहीं करने के आईसीएमआर के फैसले से चिंतिंत है।
कोविड-19 चिकित्सा आपूर्ति को लेकर विभिन्न देशों की ऐसी शिकायतों से जूझ रहे चीन ने हाल के सप्ताह में निर्यातों पर सरकारी नियंत्रण बढ़ा दिया है और आयातक देशों को सरकार द्वारा अधिकृत कंपनियों से ही आयात करने की सलाह दी है।
भारत को किट की आपूर्ति करने वाली दोनों ही कंपनियां चीन सरकार से मान्यता प्राप्त हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 28, 2020 10:23 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

