देश की खबरें | श्रीनगर में आतंकियों ने कांस्टेबल की गोली मारकर हत्या की, बेटी घायल
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. जम्मू-कश्मीर में श्रीनगर के सौरा इलाके में मंगलवार को आतंकवादियों ने एक पुलिस कांस्टेबल के घर के बाहर उन पर अंधाधुंध गोलियां बरसाईं। इस हमले में कांस्टेबल की मौत हो गई जबकि उनकी सात वर्षीय बेटी घायल हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
श्रीनगर, 24 मई जम्मू-कश्मीर में श्रीनगर के सौरा इलाके में मंगलवार को आतंकवादियों ने एक पुलिस कांस्टेबल के घर के बाहर उन पर अंधाधुंध गोलियां बरसाईं। इस हमले में कांस्टेबल की मौत हो गई जबकि उनकी सात वर्षीय बेटी घायल हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि आतंकियों ने कांस्टेबल सैफुल्ला कादरी पर उस समय गोलीबारी की, जब वह अपनी बेटी को ट्यूशन छोड़ने जा रहे थे।
कादरी तीसरे ऐसे पुलिसकर्मी हैं जिनकी इस महीने आतंकवादियों ने हत्या कर दी।
एक अधिकारी ने बताया कि आतंकियों ने श्रीनगर जिले में अनचार इलाके के गनई मोहल्ले में स्थित कादरी के घर के बाहर उन पर हमला किया।
उन्होंने बताया कि कादरी और उनकी बेटी को एसकेआईएमएस अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
अधिकारी ने बताया कि बच्ची के दाएं हाथ में गोली लगी है और वह खतरे से बाहर है।
कश्मीर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक विजय कुमार ने कांस्टेबल की हत्या पर शोक जताया और कहा कि हमलावरों को पकड़ने के लिए आसपास के इलाकों में पुलिस दलों को भेजा गया है।
उन्होंने कहा, '' हम जल्द ही उन्हें (आतंकियों) पकड़ लेंगे।''
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)