एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | समाज से पोषण प्राप्त करने के आतंकवादियों के प्रयास को विफल किया जाना चाहिए: उपराज्यपाल मनोज सिन्हा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने मंगलवार को कहा कि आम नागरिक सड़कों पर प्रदर्शन के जरिए पाकिस्तान समर्थित आतंकवाद के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं जो घाटी में शांति स्थापित करने के लिए अच्छा संकेत है।

देश की खबरें | समाज से पोषण प्राप्त करने के आतंकवादियों के प्रयास को विफल किया जाना चाहिए: उपराज्यपाल मनोज सिन्हा

श्रीनगर, आठ जुलाई जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने मंगलवार को कहा कि आम नागरिक सड़कों पर प्रदर्शन के जरिए पाकिस्तान समर्थित आतंकवाद के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं जो घाटी में शांति स्थापित करने के लिए अच्छा संकेत है।

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि पर्यटन क्षेत्र का विकास केवल शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में ही संभव है, और जम्मू कश्मीर के लोगों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि आतंकवादियों के, समाज से समर्थन प्राप्त करने के प्रयासों को विफल किया जाए।

सिन्हा ने ये बातें शेर-ए-कश्मीर इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर (एसकेआईसीसी) में दो दिवसीय पर्यटन सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहीं।

इस सम्मेलन में केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने भी भाग लिया।

उन्होंने कहा, "आम नागरिक आतंकवाद के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं। पाकिस्तान समर्थित आतंकवादियों के खिलाफ सड़कों पर प्रदर्शन घाटी में स्थायी शांति स्थापित करने के लिए एक अच्छा संकेत है।"

सिन्हा ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर लिखा, "पूरा जम्मू कश्मीर उठ खड़ा होना चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि आतंकवादियों को इस सुंदर केंद्र शासित प्रदेश में कोई स्थान न मिले।"

उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन आतंकवाद को मुंहतोड़ जवाब है और शांति, प्रगति और समृद्धि की ओर जम्मू कश्मीर के बढ़ते कदम को दर्शाता है।

उपराज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जम्मू कश्मीर एक मजबूत और निरंतर प्रगति करने वाली ताकत बन चुका है।

उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में जम्मू कश्मीर के पर्यटन क्षेत्र में अभूतपूर्व परिवर्तन आया है।

उन्होंने कहा, ‘‘हमने पारंपरिक पर्यटन सर्किटों को मजबूत किया है और पर्यटन के दायरे का विस्तार किया है। हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि पर्यटन के लाभ जम्मू कश्मीर के हर कोने तक पहुंचे और लोगों के जीवन में बदलाव लाएं।"

उन्होंने कहा, ‘‘पर्यटन क्षेत्र का विकास शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में ही संभव है। जम्मू कश्मीर में आतंकवाद को खत्म करने में सुरक्षा बलों की बहुत बड़ी भूमिका है, लेकिन समाज की भूमिका भी कम नहीं है।

उन्होंने कहा, "आतंकवादियों द्वारा समाज से अपना पोषण प्राप्त करने के प्रयास को विफल किया जाना चाहिए।"

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 08, 2025 05:18 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).