पुलिस ने बताया कि आतंवादियों ने खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के लक्की मरवत जिले में पुलिस की ‘मोबाइल वैन’ पर हमला किया, जो सदर थाने पर हमले के बाद वहां जा रही थी।
उन्होंने बताया कि हमलों में एक पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) सहित चार पुलिसकर्मी मारे गए और छह अन्य घायल हो गए। खैबर पख्तूनख्वा के पुलिस प्रमुख अख्तर हयात खान ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं।
लक्की मरवत के पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि कि हमला बृहस्पतिवार तड़के हुआ, जिसके बाद पुलिस और आतंकवादियों के बीच गोलीबारी हुई।
समाचार पत्र ‘डॉन’ की खबर के अनुसार, पुलिस ने एक बयान में बताया कि आतंकवादियों के पास उन्नत एवं भारी हथियार थे।
पुलिस के अनुसार, आतंकवादी अंधेरा का फायदा उठाकर भाग गए।
तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान ने एक बयान जारी कर हमले की जिम्मेदारी ली है।
प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि आतंकवाद के खिलाफ युद्ध में पुलिस अधिकारियों का बलिदान अविस्मरणीय है और घायल कर्मियों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
शरीफ ने एक बयान में कहा, ‘‘ पुलिस, सुरक्षा की अग्रिम पंक्ति के रूप में आतंकवादियों से निपटने में बेहतरीन भूमिका निभा रही है। पाकिस्तान के अस्तित्व और विकास के लिए आतंकवाद का खात्मा जरूरी है।’’
तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान या टीटीपी एक अलग संगठन है, लेकिन अफगानिस्तान के तालिबान से संबद्ध है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY