देश की खबरें | अंतरराज्यीय सीमा पर तनाव: हिमंत बिस्व सरमा ने मिजोरम के मुख्यमंत्री से की बात

गुवाहाटी/आइजोल, 26 जुलाई असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने सोमवार को मिजोरम के अपने समकक्ष ज़ोरमथांगा से पूर्वोत्तर के दो राज्यों के बीच सीमा पर जारी हिंसा को लेकर बात की और मतभेदों को दूर करने के लिए आइजोल के दौरे का प्रस्ताव रखा।

दोनों मुख्यमंत्री ट्विटर पर आमने-सामने हो गए थे, जब उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से शिकायत की थी, जिन्होंने शनिवार को शिलांग में पूर्वोत्तर राज्यों के बीच सीमा विवाद पर एक बैठक की थी।

सरमा ने ट्वीट किया, ‘‘मैंने अभी माननीय मुख्यमंत्री ज़ोरमथांगा जी से बात की। मैंने दोहराया कि असम हमारे राज्य की सीमाओं के बीच यथास्थिति और शांति बनाए रखेगा। मैंने आइजोल जाने और जरूरत पड़ने पर इन मुद्दों पर चर्चा करने की इच्छा व्यक्त की है।’’

असम पुलिस ने दावा किया कि दिन के दौरान कछार जिले में मिजोरम की ओर से उपद्रवी तत्वों द्वारा किए गए पथराव में उसके कम से कम छह कर्मी घायल हो गए।

असम की ओर के स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि लाठी, रॉड और यहां तक ​​कि राइफलों से लैस होकर आये सैकड़ों उपद्रवियों ने लैलापुर में असम पुलिस के कर्मियों पर हमला किया और उपायुक्त के कार्यालय से संबंधित वाहनों सहित कई वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया।

उनमें से कुछ ने दावा किया कि उपद्रवियों ने असम पुलिस कर्मियों पर गोलियां चलाईं, लेकिन इसकी तुरंत पुष्टि नहीं की जा सकी क्योंकि कई पुलिस अधिकारियों को की गई कॉल अनुत्तरित रहीं।

असम पुलिस ने ट्वीट किया, ‘‘यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि असम की जमीन को अतिक्रमण से बचाने के लिए लैलापुर में तैनात असम सरकार के अधिकारियों पर मिजोरम के बड़ी संख्या में शरारती तत्व पथराव और इस तरह के हमले कर रहे हैं।’’

बयान में कहा गया है, ‘‘हम इन बर्बरतापूर्ण कृत्यों की कड़ी निंदा करते हैं और असम की सीमा की रक्षा करने के अपने संकल्प को दोहराते हैं।’’

सूत्रों ने दावा किया कि पथराव की घटना में करीब छह पुलिसकर्मी घायल हो गए।

इस बीच, मिजोरम पुलिस ने कहा कि असम सीमा के पास कोलासिब जिले में अज्ञात शरारती तत्वों ने रविवार रात आठ किसानों की झोपड़ियों को आग लगा दी।

मिजोरम के पुलिस उप महानिरीक्षक (उत्तरी रेंज) लालबियाकथांगा खियांगते ने पीटीआई- को बताया कि घटना अशांत क्षेत्र में एटलांग धारा के पास रात करीब साढ़े 11 बजे हुई। उन्होंने कहा कि ये गांव वैरेंगटे के किसानों के थे, जो असम का निकटतम सीमावर्ती है ।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)