Monsoon 2021: दिल्ली में तापमान बढ़ा, शाम तक बारिश का अनुमान
राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को तापमान में वृद्धि हुई और न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक सुबह में हवा में नमी का स्तर बहुत अधिक 93 प्रतिशत रहा.
नयी दिल्ली, 31 जुलाई : राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को तापमान में वृद्धि हुई और न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक सुबह में हवा में नमी का स्तर बहुत अधिक 93 प्रतिशत रहा. शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था जो सामान्य से तीन डिग्री कम था जबकि अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो मौसम के औसत से दो डिग्री नीचे था. मौसम विभाग ने बताया कि शनिवार को न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. विभाग के मुताबिक सुबह साढ़े आठ बजे तक शहर में औसतम 43.6 मिलीमीटर बारिश हुई.
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक शाम तक मध्यम बारिश हो सकती है. साथ ही अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहने का अनुमान भी व्यक्त किया है. आईएमडी ने शुक्रवार को ऑरेंज अलर्ट जारी कर शनिवार को मध्यम बारिश होने का अनुमान जताया था. साथ ही राष्ट्रीय राजधानी के निचले इलाकों में जलभराव की आशंका जताते हुए कई स्थानों पर भारी यातायात जाम की चेतावनी दी थी. विभाग ने रविवार के लिए ‘येलो’ अलर्ट और सोमवार के लिए फिर से ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया है.
आईएमडी चार रंगों के कोड का इस्तेमाल करती है जिसमें हरे का मतलब सब ठीक रहेगा से होता है जबकि पीला रंग बहुत खराब मौसम का संकेत देता है. इसका यह मतलब भी होता है कि मौसम में परिवर्तन बहुत खराब स्थिति के लिए हो सकता है जो रोजमर्रा की गतिविधियों को प्रभावित कर सकता है. वहीं, ऑरेंज अलर्ट अत्यधिक खराब मौसम के लिए चेतावनी के रूप में जारी किया जाता है, जिसमें सड़क और नाले बंद होने और बिजली आपूर्ति में रुकावट के साथ आवागमन में बाधा की आशंका होती है. रेड अलर्ट तब जारी किया जाता है जब बेहद खराब मौसम की स्थिति निश्चित रूप से यात्रा और बिजली को बाधित करने वाली हो और जान का जोखिम हो.
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 31, 2021 10:32 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

