एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | राजस्थान में तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस, दिल्ली में अप्रैल में तीन साल में सर्वाधिक न्यूनतम तापमान

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राजस्थान में भीषण गर्मी और उष्ण लहर की स्थिति बनी हुई है, वहीं दिल्ली में बुधवार को अप्रैल में तीन साल में सबसे अधिक न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी।

देश की खबरें | राजस्थान में तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस, दिल्ली में अप्रैल में तीन साल में सर्वाधिक न्यूनतम तापमान

नयी दिल्ली, नौ अप्रैल राजस्थान में भीषण गर्मी और उष्ण लहर की स्थिति बनी हुई है, वहीं दिल्ली में बुधवार को अप्रैल में तीन साल में सबसे अधिक न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी।

आईएमडी ने बताया कि पिछले 24 घंटे में राजस्थान के बाड़मेर में अधिकतम तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार, राज्य में भीषण गर्मी का दौर अगले 24 घंटों तक जारी रहने की संभावना है। हालांकि, एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 10 और 11 अप्रैल को बीकानेर, जयपुर, भरतपुर और जोधपुर संभाग के कुछ भागों में गरज के साथ बारिश होने, 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने तथा कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है।

आईएमडी के अनुसार, दिल्ली में बुधवार को न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 5.6 डिग्री अधिक और अप्रैल में तीन वर्ष में सबसे अधिक है।

इसने कहा, ‘‘केवल पालम मौसम केंद्र में ही कल रात में गर्मी की स्थिति दर्ज की गई। आज सभी पांच समकालिक मौसम केंद्रों पर यह स्थिति दर्ज की गई।’’

आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, अन्य निगरानी मौसम केंद्रों में आयानगर में अधिकतम तापमान 40.9 डिग्री सेल्सियस, पालम में 40.3 डिग्री सेल्सियस, रिज में 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि लोधी रोड केंद्र में अधिकतम तापमान 39.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार, पांच में से चार निगरानी मौसम केंद्रों में दिल्ली में उष्ण लहर की स्थिति दर्ज की गई।

विभाग के अनुसार, 2024 और 2023 दोनों वर्षों में न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस तक नहीं पहुंचा था।

आंकड़ों के मुताबिक, 2024 में न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया था जबकि 2023 में यह 23.6 डिग्री तक ही पहुंचा था।

आईएमडी ने दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान जताया है और भीषण गर्मी को लेकर ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है जबकि अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। दिल्ली में सुबह साढ़े आठ बजे आर्द्रता 51 प्रतिशत रही।

सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 233 दर्ज किया गया जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है।

मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार को गरज के साथ बारिश का अनुमान जताया है तथा अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई है।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, शून्य से 50 के बीच का एक्यूआई ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच का एक्यूआई ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच का एक्यूआई ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच का एक्यूआई ‘खराब’, 301 से 400 के बीच का एक्यूआई ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच का एक्यूआई ‘गंभीर’ माना जाता है।

हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने के साथ गरज के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने अगले दो दिन के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है।

मौसम विभाग ने कहा कि बृहस्पतिवार को चंबा, कुल्लू, कांगड़ा और लाहौल और स्पीति के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है तथा शुक्रवार को शिमला, सिरमौर सोलन और कांगड़ा के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

आईएमडी ने बृहस्पतिवार को हिमाचल प्रदेश के मध्य-पर्वतीय क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर ओलावृष्टि का भी अनुमान जताया, जबकि भुंतर, धर्मशाला और सुंदरनगर में भीषण गर्मी महसूस की गई।

दक्षिणी राज्य आंध्र प्रदेश में आईएमडी ने बुधवार को नौ से 13 अप्रैल तक राज्य के कुछ हिस्सों में गरज के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने तथा 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है।

मौसम विभाग ने कहा कि अगले 24 घंटे में मौसम प्रणाली के उत्तर की ओर बढ़ने तथा उत्तर-उत्तरपूर्व दिशा में पुनः घूमने तथा मध्य बंगाल की खाड़ी के पास धीरे-धीरे कमजोर पड़ने की संभावना है।

इससे पहले, आंध्र प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने बुधवार को राज्य के 56 मंडलों में उष्ण लहर चलने का अनुमान जताया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 09, 2025 08:20 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).