देश की खबरें | दिल्ली में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार, ‘रेड अलर्ट’ जारी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रीय राजधानी भीषण गर्मी की चपेट में है और कई इलाकों में तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया जिसके मद्देनजर भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है।
नयी दिल्ली, 11 जून राष्ट्रीय राजधानी भीषण गर्मी की चपेट में है और कई इलाकों में तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया जिसके मद्देनजर भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है।
बुधवार को जारी ‘रेड अलर्ट’ अगले दो दिन तक चरम स्थितियों के जारी रहने के पूर्वानुमान के बीच आया है। हालांकि, 13 जून की रात और 14 जून को कुछ राहत मिल सकती है और पश्चिमी विक्षोभ के कारण हल्की बारिश होने की संभावना है।
दोपहर दो बजे जारी आईएमडी के दैनिक मौसम बुलेटिन के अनुसार, ‘‘दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में कई जगहों पर लू चलने की संभावना है’’ और तापमान 44 डिग्री सेल्सियस एवं 46 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
दिल्ली में बुधवार की सुबह गर्म रही और न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
सफदरजंग मौसम केंद्र में तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि आयानगर में सबसे अधिक 45.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। दोनों ही मौसम केंद्रों पर दर्ज तापमान सामान्य से काफी अधिक हैं।
राजधानी में सुबह के समय नमी का स्तर 39 प्रतिशत के मध्यम स्तर पर रहा, लेकिन गर्मी और शुष्क दक्षिण-पश्चिमी हवाओं के संयोजन ने परेशानी और बढ़ा दी है।
‘रेड अलर्ट’ में ‘‘कार्रवाई करें’’ की चेतावनी होती है। इसमें निवासियों से गर्मी के संपर्क से बचने, शरीर में पानी की कमी नहीं हो इसके लिए पानी पीते रहने और बाहरी गतिविधियों को सीमित करने का आग्रह किया जाता है। इसमें सभी उम्र के लोगों को गर्मी से होने वाली बीमारियों और लू लगने की बहुत अधिक संभावना की चेतावनी दी जाती है और कमजोर लोगों को अत्यधिक देखभाल की सलाह दी जाती है।
आईएमडी में वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ नरेश कुमार ने कहा कि दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान सहित उत्तर-पश्चिम भारत में भीषण गर्मी 12 जून तक जारी रहने की उम्मीद है।
उन्होंने बताया कि 13 जून से एक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से गरज के साथ हल्की बारिश आंशिक राहत ला सकती है और ‘रेड अलर्ट’ की जगह ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया जा सकता है।
कुमार ने ‘पीटीआई-’ को बताया, ‘‘उत्तर-पश्चिम भारत में इस समय भीषण गर्मी पड़ रही है। अगले तीन से चार दिन में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तरी मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में लू चलने की संभावना है। पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के लिए अगले तीन दिन तक ‘रेड अलर्ट’ जारी रहेगा।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 11, 2025 04:30 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

