देश की खबरें | तेलंगाना के मशहूर लोक गायक गद्दर का निधन, नेताओं ने जताया शोक

हैदराबाद/अमरावती, छह अगस्त तेलंगाना के मशहूर लोक गायक गद्दर का रविवार को खराब स्वास्थ्य के चलते निधन हो गया। वह 77 वर्ष के थे।

वह 1980 के दशक के दौरान क्रांतिकारी गीतों और इसके बाद तेलंगाना राज्य आंदोलन के लिए अपनी रचनाओं के लिए लोकप्रिय थे।

गद्दर का असली नाम गुम्मडी विट्ठल राव था जिनका जन्म वर्ष 1949 को मेडक जिले के तूपरान में हुआ था।

लोक गायक का यहां अपोलो स्पेक्ट्रा अस्पताल में फेफड़ों एवं मूत्राश्य संबंधी बीमारियों के कारण निधन हो गया।

अस्पताल ने एक बयान में बताया कि गद्दर दिल की गंभीर बीमारी से पीड़ित थे और उन्हें 20 जुलाई को भर्ती कराया गया था। उनकी तीन अगस्त को बाइपास सर्जरी हुई थी और वे ठीक हो गये थे।

एक पूर्व नक्सली के रूप में गद्दर ने जंगलों में रहने के साथ ही भूमिगत जीवन व्यतीत किया था। इसके बाद वह मुख्यधारा में शामिल हो गए और उन्होंने वर्ष 2018 में तेलंगाना विधानसभा चुनाव में अपने जीवन में पहली बार मतदान किया।

गद्दर पर वर्ष 1990 के दशक में हमला किया गया जिसमें एक गोली उनकी रीढ़ की हड्डी में अंत तक फंसी रही।

गद्दर के पार्थिव शरीर को शहर के एलबी स्टेडियम ले जाया गया ताकि लोग उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि दे सकें। लोक गायक का अंतिम संस्कार सोमवार को होगा।

गद्दर के निधन पर विभिन्न नेताओं ने शोक जताया है।

राहुल गांधी ने ट्वीट किया ,''तेलंगाना के प्रतिष्ठित कवि, गीतकार और निडर कार्यकर्ता श्री गुम्मडी विट्ठल राव के निधन के बारे में सुनकर दुख हुआ।''

उन्होंने लिखा,'' तेलंगाना के लोगों के प्रति गद्दर के प्यार ने उन्हें हाशिए पर मौजूद लोगों के लिए अथक संघर्ष करने के लिए प्रेरित किया। आशा है उनकी विरासत हम सभी को प्रेरणा देगी।''

गद्दर ने दो जुलाई को तेलंगाना के खम्मम में हुई कांग्रेस की एक सार्वजनिक बैठक में हिस्सा लिया था जिसे राहुल गांधी ने संबोधित किया था।

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाई एस जगन मोहन रेड्डी ने गद्दर को क्रांतिकारी व्यक्ति बताया। उन्होंने गायक के परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए एक बयान में कहा,''वह वंचितों की आवाज थे और उन्होंने अपने प्रेरक गीतों के माध्यम से सामाजिक न्याय के लिए लड़ाई लड़ी।''

केंद्रीय मंत्री और तेलंगाना में भाजपा अध्यक्ष जी किशन रेड्डी, टीडीपी प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू और अन्य नेताओं ने गायक के निधन पर शोक जताया है।

किशन रेड्डी ने कहा, गद्दर ने विभिन्न मुद्दों पर जन जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के साथ तेलंगाना राज्य आंदोलन को अपने गीतों से गति प्रदान की।

टीडीपी प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू ने ट्वीट में लिखा,''गद्दर के निधन के साथ सार्वजनिक आंदोलन और मानवाधिकार अभियान का एक महत्वपूर्ण अध्याय समाप्त हो गया। उन्होंने अपनी आवाज से जनता को प्रेरित किया।''

कांग्रेस अध्यक्ष मिल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि गद्दर सबसे कमजोर वर्गों की आकांक्षाओं के लिए एक उम्मीद बने रहेंगे।

प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा,''गद्दर का सामाजिक मुद्दों और तेलंगाना राज्य के लिए लड़ाई के प्रति अटूट समर्पण वास्तव में प्रेरणादायक था।"

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)