देश की खबरें | तेलंगाना देश में सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाले राज्यों में से एक : राज्यपाल सौंदरराजन

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. तेलंगाना की राज्यपाल तमिलिसाई सौंदरराजन ने शुक्रवार को कहा कि तेलंगाना ऐसा राज्य है, जो न केवल आर्थिक रूप से मजबूत है बल्कि कल्याण और विकास में देश में सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाले राज्यों में से एक है।

हैदराबाद, तीन फरवरी तेलंगाना की राज्यपाल तमिलिसाई सौंदरराजन ने शुक्रवार को कहा कि तेलंगाना ऐसा राज्य है, जो न केवल आर्थिक रूप से मजबूत है बल्कि कल्याण और विकास में देश में सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाले राज्यों में से एक है।

राज्य विधानसभा तथा विधान परिषद के संयुक्त सत्र को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि तेलंगाना की समावेशी तथा व्यापक वृद्धि देश में आदर्श बन गयी है। राज्य प्रत्येक मोर्चे पर अभूतपूर्व तरीके से प्रगति कर रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘तेलंगाना की अभूतपूर्व सफलता उसके लोगों की दुआओं, माननीय मुख्यमंत्री के कुशल प्रशासन तथा जन प्रतिनिधियों की कड़ी मेहनत और सरकारी कर्मचारियों के समर्पण का नतीजा है।’’

राज्य सरकार द्वारा तैयार की गई एक भाषण की प्रति को पढ़ते हुए, उन्होंने कृषि, बिजली और उद्योग जैसे विभिन्न क्षेत्रों में मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव के नेतृत्व वाली बीआरएस शासन की उपलब्धियों के बारे में बताया।

राजभवन के साथ सुलह के बाद के चंद्रशेखर राव सरकार ने 30 जनवरी की शाम को सौंदरराजन से बजट दस्तावेज पर सहमति देने और सत्र को संबोधित करने का अनुरोध किया, जिसके लिए वह सहमत हो गईं।

शुक्रवार को तेलंगाना विधानसभा का सत्र राज्यपाल के अभिभाषण के साथ शुरू हुआ।

पिछले साल विधानसभा में राज्यपाल का पारंपरिक अभिभाषण नहीं होने पर विवाद खड़ा हो गया था।

मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव की सरकार के अगले सप्ताह सदन में बजट पेश करने की संभावना है।

सौंदरराजन ने कहा, ‘‘आज, राज्य न केवल आर्थिक रूप से मजबूत हैं, बल्कि कल्याण और विकास में देश में शीर्ष प्रदर्शन करने वाले राज्यों में से एक है।’’

उन्होंने यह भी कहा कि एक वक्त था, जब पूरा कृषि क्षेत्र बदहाल था और आज राज्य देश के बाकी हिस्सों को आपूर्ति कर रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में पेयजल आपूर्ति में भी उल्लेखनीय प्रगति हुई है।

उपराज्यपाल ने कहा कि तेलंगाना निवेश के अनुकूल है और सूचना प्रौद्योगिकी तथा अन्य क्षेत्रों में शीर्ष कंपनियों और बहुराष्ट्रीय कंपनियों को आकर्षित करता है।

विधानसभा सत्र को शनिवार तक के लिए स्थगित कर दिया गया है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक ई. राजेंद्र ने राज्यपाल के अभिभाषण पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि तेलंगाना के लोगों और युवाओं के बीच अशांति है, जबकि सरकार ने राज्यपाल से ‘‘झूठ’’ बुलवाया है।

उन्होंने कहा, ‘‘राज्यपाल का अभिभाषण खुद सरकार ने लिखा है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\