देश की खबरें | तेलंगाना चुनाव: कांग्रेस ने मतगणना के लिए की तैयारी, राहुल गांधी ने वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. तेलंगाना में कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव लड़ने वाले अपने उम्मीदवारों और एजेंटों को रविवार को प्रक्रिया की निगरानी के लिए पूरे दिन मतगणना केंद्रों पर रहने के लिए कहा है।
हैदराबाद, दो दिसंबर तेलंगाना में कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव लड़ने वाले अपने उम्मीदवारों और एजेंटों को रविवार को प्रक्रिया की निगरानी के लिए पूरे दिन मतगणना केंद्रों पर रहने के लिए कहा है।
प्रदेश की 119 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव 30 नवंबर को हुए थे और मतगणना तीन दिसंबर को होगी।
पार्टी सूत्रों ने यहां बताया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ डिजिटल बैठक की और उन्हें सतर्क रहने को कहा।
सूत्रों ने यह भी कहा कि कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के शनिवार को हैदराबाद पहुंचने की उम्मीद है।
समझा जाता है कि उनकी यात्रा राज्य के पार्टी नेताओं की मदद करने और विधायकों की किसी भी खरीद-फरोख्त को रोकने के लिए है।
इससे पहले दिन में बेंगलुरु में शिवकुमार ने कहा कि कुछ लोग तेलंगाना में उम्मीदवारों से संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा, हालांकि, कांग्रेस इसे स्थानीय स्तर पर प्रबंधित करेगी।
कांग्रेस के तेलंगाना विधानसभा चुनाव में भारी बहुमत से जीत हासिल करने का भरोसा जताते हुए पार्टी नेताओं ने कहा कि एग्जिट पोल में भी राज्य में पार्टी को बढ़त मिलने की भविष्यवाणी की गई है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)