हैदाराबाद, चार मई राज्य सरकार पर कोविड-19 से निपटने में असफल रहने का आरोप लगाते हुए तेलंगाना कांग्रेस ने सोमवार को संक्रमण से मरने वालों के परिजन को 10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की मांग की।
कांग्रेस की तेलंगाना इकाई के प्रमुख और नलगोंडा के सांसद उत्तम कुमार रेड्डी ने राज्यपाल तमिलिसाई सौंदरराजन को किसानों से धान की खरीद सहित कई मुद्दों वाला एक ज्ञापन सौंपा।
उन्होंने कहा, “कोरोना वायरस की रोकथाम को लेकर मुख्यमंत्री (के चंद्रशेखर राव) का रवैया अवैज्ञानिक और तर्कहीन है। हमने राज्यपाल को सूचित कर दिया है। सरकार इतनी कम जांचे क्यों करवा रही है, यह बात सबकी समझ से परे है।”
उन्होंने कहा कि यहां तक कि डॉक्टर भी कह रहे हैं कि तेलंगाना में आवश्यकता से कम जांच की जा रही है।
उन्होंने कहा कि यह भी आरोप लगाया जा रहा है कि संक्रमण से मरने वालों की संख्या भी कम बतायी जा रही है।
रेड्डी ने राजभवन में संवाददाताओं से कहा कि कांग्रेस पार्टी ने कोविड-19 से मरने वालों के परिजन को 10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की मांग करती है।
उन्होंने आरोप लगाया कि इतने दिनों के लॉकडाउन के बाद भी डॉक्टरों और अन्य चिकित्सा कर्मचारियों को पर्याप्त व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण नहीं उपलब्ध कराए गए हैं।
उन्होंने राज्य सरकार से यह भी मांग की कि लॉकडाउन के दौरान गरीब लोगों को दी जा रही 1500 रुपये की आर्थिक सहायता को बढ़ाकर 5000 रुपये किया जाए।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एम शशिधर रेड्डी के अनुसार पार्टी के नेता किसानों के मुद्दों को लेकर राज्यभर के सभी पार्टी कार्यालयों में धरना देंगे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)












QuickLY