देश की खबरें | तेजस्विन और अनिमेष टॉप्स डेवलपमेंटल ग्रुप में, प्रणति को टीएजीजी में शामिल किया गया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. एशियाई चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता डेकाथलॉन एथलीट तेजस्विन शंकर, धावक अनिमेष कुजूर और महिलाओं की चार गुणा 100 मीटर रिले टीम को ‘टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम’ (टॉप्स) के ‘डेवलपमेंटल ग्रुप’ में शामिल किया जबकि खेल मंत्रालय ने जिमनास्ट प्रणति नायक को ‘टारगेट एशियन गेम्स ग्रुप’ (टीएजीजी) में शामिल किया है।
नयी दिल्ली, 23 जून एशियाई चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता डेकाथलॉन एथलीट तेजस्विन शंकर, धावक अनिमेष कुजूर और महिलाओं की चार गुणा 100 मीटर रिले टीम को ‘टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम’ (टॉप्स) के ‘डेवलपमेंटल ग्रुप’ में शामिल किया जबकि खेल मंत्रालय ने जिमनास्ट प्रणति नायक को ‘टारगेट एशियन गेम्स ग्रुप’ (टीएजीजी) में शामिल किया है।
ज्यादातर अमेरिका में रहने वाले 26 वर्षीय तेजस्विन पिछले महीने एशियाई चैंपियनशिप में दो डेकाथलॉन पदक जीतने वाले पहले भारतीय बन गए थे। उन्होंने पिछले चरण में कांस्य पदक और पिछले महीने रजत पदक जीता था।
वहीं 22 वर्षीय कुजूर ने पुरुषों की 200 मीटर स्पर्धा में 20.32 सेकंड के राष्ट्रीय रिकॉर्ड समय के साथ कांस्य पदक जीता। यह किसी अंतरराष्ट्रीय स्पर्धा में उनका पहला पदक था।
टॉप्स के ‘डेवलपमेंटल ग्रुप’ में शामिल खिलाड़ियों को 25,000 रुपये का मासिक भत्ता मिलता है और उन्हें दीर्घकाल में पदक का दावेदार माना जाता है।
इस सूची में चार गुणा 100 मीटर की चौकड़ी अबिनया राजराजन, स्नेहा शानुवल्ली, नित्या गंधे और श्राबनी नंदा भी शामिल हैं। उन्होंने एशियाई प्रतियोगिता में इस स्पर्धा में रजत पदक जीता था।
मंत्रालय की मिशन ओलंपिक इकाई (एमओसी) की हाल ही में हुई बैठक के बाद एशियाई स्पर्धा से ऊंची कूद की एथलीट पूजा, सर्विन सेबेस्टियन (पैदल चाल), विथ्या रामराज (बाधा दौड़), सचिन यादव (भाला फेंक), यूनुस शाह (मध्यम दूरी के धावक) को इस ग्रुप में शामिल किया गया।
भाला फेंक सुपरस्टार नीरज चोपड़ा, स्टीपलचेज एथलीट अविनाश साबले और लंबी कूद के एथलीट एम श्रीशंकर ट्रैक एंड फील्ड से कोर ग्रुप में शामिल हैं। ओलंपिक चक्र की समाप्ति के बाद साल के शुरू में खिलाड़ियों की संख्या को 179 से घटाकर 94 कर दिया गया था।
सूची में अब केवल 42 सक्षम एथलीट शामिल हैं।
जिमनास्ट प्रणति नायक और प्रोतिष्ठा सामंता (वॉल्ट) को टीएजीजी में शामिल किया गया है। प्रणति नायक ने इस महीने की शुरुआत में एशियाई कलात्मक जिमनास्टिक चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता था।
ओलंपिक इाकई के सदस्यों में टॉप्स के सीईओ एनएस जोहल, ओलंपिक पदक विजेता गगन नारंग, पुलेला गोपीचंद (भारतीय बैडमिंटन संघ के उपाध्यक्ष), वीरेन रसकिन्हा (ओलंपिक गोल्ड क्वेस्ट), अपर्णा पोपट, द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता पैरा कोच डॉ. सत्यपाल सिंह और अर्जुन पुरस्कार विजेता प्रशांति सिंह शामिल हैं।
वहीं 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक की तैयारियों के लिए तीरंदाज परनीत कौर, प्रियांश और ज्योति सुरेखा वेन्नम को उपकरण खरीदने के लिए 11.90 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। ये तीनों टॉप्स कोर ग्रुप का हिस्सा हैं।
बेंगलुरू के भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) केंद्र के उप निदेशक सतीशकुमार एस को 2025-26 के लिए ब्रिटेन सरकार द्वारा प्रतिष्ठित शेवनिंग स्कॉलरशिप से सम्मानित किया गया है। वह लॉफबोरो विश्वविद्यालय में खेल प्रबंधन, राजनीति और अंतरराष्ट्रीय विकास में मास्टर डिग्री हासिल करेंगे।
सतीशकुमार 2017 में साइ में शामिल हुए और खेलो इंडिया खेलों के 10 से अधिक चरणों में शामिल रहे हैं। उन्हें पेरिस ओलंपिक और बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में भारत के आधिकारिक पर्यवेक्षक के रूप में नियुक्त किया गया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 23, 2025 04:52 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

