तिरुवनंतपुरम, 28 दिसंबर केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में वर्कला के पास वडस्सेरीकोणम में बुधवार को तड़के 17 वर्षीय एक लड़की अपने घर के बाहर मृत पाई गई।
पुलिस ने यह जानकारी देते हुए बताया कि किशोरी खून से लथपथ थी और उसका गला रेता गया था। उन्होंने बताया कि इस घटना के कुछ घंटे बाद किशोरी के दोस्त गोपू (20) को हिरासत में ले लिया गया। बताया जाता है कि उनके बीच प्रेम संबंध थे।
पुलिस को संदेह है कि आरोपी ने आधी रात के बाद कॉलेज की छात्रा को घर से बाहर बुलाया और कथित तौर पर चाकू से उस पर हमला किया।
चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे उसके परिजन और पड़ोसियों ने किशोरी को घर के पास खून से लथपथ पाया। वे उसे अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने कहा कि गोपू को मोबाइल फोन के विवरण और अन्य परिस्थिति जन्य साक्ष्यों के आधार पर हिरासत में लिया गया है।
पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘ इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। विस्तृत पूछताछ के बाद ही सही कारण का पता चल पाएगा।’’
उन्होंने कहा कि पुलिस को संदेह है कि युगल के तनावपूर्ण संबंध अपराध का कारण हो सकते हैं । अब तक इस संबंध में और कोई विवरण नहीं दिया गया है। आरोपी पास के पल्लीकल का रहने वाला है जबकि किशोरी यहां के एक स्थानीय कॉलेज की छात्रा थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY