एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | आजादपुर में गोलीबारी में किशोर घायल

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर-पश्चिम दिल्ली के आजादपुर इलाके में तीन लोगों ने एक किशोर पर गोलियां चला दीं जिससे वह घायल हो गया। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

देश की खबरें | आजादपुर में गोलीबारी में किशोर घायल

नयी दिल्ली, आठ जुलाई उत्तर-पश्चिम दिल्ली के आजादपुर इलाके में तीन लोगों ने एक किशोर पर गोलियां चला दीं जिससे वह घायल हो गया। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि जहांगीरपुरी निवासी आर्यन (17) को दो गोली लगी हैं और उसे सिविल लाइंस स्थित ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।

अस्पताल से घटना की सूचना सोमवार रात करीब सवा 10 बजे मिली।

घटना की प्रत्यक्षदर्शी आर्यन की मां नीतू ने पुलिस को बताया कि वह अपने बेटे और दो अन्य लोगों रंजीता और निखिल के साथ आजादपुर में एक कॉलोनी के मुख्य द्वार के सामने पैदल पार पथ के पास खड़ी थीं तभी आरोपी मौके पर पहुंचे और उन्होंने गोलीबारी शुरू कर दी।

पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘उसने (महिला ने) हमलावरों की पहचान लड्डू, शमशेर और शानू के रूप में की है, जो सभी जहांगीरपुरी के निवासी हैं।’’

आर्यन को अन्य लोगों की मदद से तुरंत अस्पताल ले जाया गया। अपराध टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञ घटनास्थल पर पहुंचे और साक्ष्य जुटाए।

उन्होंने कहा, ‘‘आदर्श नगर थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है।’’

पुलिस ने बताया कि गोलीबारी की वजह का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 08, 2025 10:24 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).