एजेंसी न्यूज

टी20 विश्व कप में टीमों की मेजबानी नहीं, दर्शक हैं मुख्य मुद्दा : आस्ट्रेलियाई खेल मंत्री

टी20 विश्व कप और भारतीय टीम के आस्ट्रेलियाई दौरे पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं क्योंकि अभी यात्रा संबंधी पाबंदियां लगी हुई है और यह भी सुनिश्चित नहीं है कि कोविड-19 महामारी को नियंत्रित करने में कितना समय लगेगा।

टी20 विश्व कप में टीमों की मेजबानी नहीं, दर्शक हैं मुख्य मुद्दा : आस्ट्रेलियाई खेल मंत्री

मेलबर्न, चार मई आस्ट्रेलिया के खेल मंत्री रिचर्ड कोलबेक ने कहा कि उनका देश टी20 विश्व कप के लिये टीमों की मेजबानी करने की चुनौती से पार पा सकता है लेकिन मुख्य मुद्दा यह है कि क्या टूर्नामेंट का आयोजन दर्शकों के बिना खाली स्टेडियमों में करना सही होगा।

टी20 विश्व कप और भारतीय टीम के आस्ट्रेलियाई दौरे पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं क्योंकि अभी यात्रा संबंधी पाबंदियां लगी हुई है और यह भी सुनिश्चित नहीं है कि कोविड-19 महामारी को नियंत्रित करने में कितना समय लगेगा।

अगर ये दोनों टूर्नामेंट नहीं होते हैं तो क्रिकेट आस्ट्रेलिया को 30 करोड़ आस्ट्रेलियाई डालर का नुकसान हो सकता है।

कोलबेक ने सोमवार को सेन रेडियो से कहा, ‘‘मैं आस्ट्रेलिया और भारत के बीच टेस्ट श्रृंखला देखना चाहूंगा। मैं वास्तव में चाहता हूं कि विश्व कप तय कार्यक्रम के अनुसार आयोजित किया जाए।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ टीमें इतना बड़ा मुद्दा नहीं है जितना दर्शक हैं और यह एक ऐसी बाधा है जिसके बारे में वास्तव में हमें विचार करना होगा और विश्व क्रिकेट को भी जिसके बारे में गंभीरता से सोचना होगा। ’’

मंत्री ने कहा कि कोविड-19 पर नियंत्रण के बाद टीमों की मेजबानी करने से जुड़े मसलों से निबटा जा सकता है।

उन्होंने कहा, ‘‘हम सभी परिस्थितियों में अंतर को समझते हैं लेकिन जहां तक टीमों का मसला है तो मुझे लगता है कि हम खेल और खिलाड़ियों के सहयोग से कुछ नियम तय कर सकते हैं जो कि बेहद महत्वपूर्ण हैं। अगर हम टूर्नामेंट का आयोजन करते हैं तो निश्चित अवधि तक पृथक रहना और जैव सुरक्षा प्रोटोकाल जरूरी है। ’’

टी20 विश्व कप 18 अक्टूबर से शुरू होना है जबकि भारत का आस्ट्रेलिया दौरा इससे पहले टी20 त्रिकोणीय श्रृंखला से शुरू होगा और दिसंबर में चार टेस्ट मैचों की श्रृंखला के साथ समाप्त होगा।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने हाल में कहा था कि 16 देशों के इस टूर्नामेंट के आयोजन की तैयारियां अब भी चल रही हैं और इस पर अंतिम फैसला अगस्त में किया जाएगा।

आस्ट्रेलिया अपने क्रिकेट बोर्ड को भारी वित्तीय नुकसान से बचाने के लिये भारतीय टीम के लिये यात्रा छूट देने पर विचार कर रहा है लेकिन कोलबेक ने कहा कि उन्हें टी20 विश्व कप के लिये अन्य देशों को छूट देने में सावधानी बरतने की आवश्यकता है

उन्होंने कहा, ‘‘इन सब मसलों पर चर्चा चल रही है। ’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 04, 2020 05:40 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).