देश की खबरें | शिक्षक भर्ती घोटाला : सीबीआई ने बंगाल में पूर्व मंत्री पार्थ चटर्जी के सहयोगियों के परिसरों की तलाशी ली

नयी दिल्ली, पांच मई प्राथमिक शिक्षक भर्ती घोटाला मामले में सीबीआई ने पश्चिम बंगाल में पूर्व शिक्षा मंत्री पार्थ चटर्जी के सहयोगियों के परिसरों की तलाशी ली। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने शुक्रवार को एक बयान में कहा, ‘‘यह पता चला है कि आरोपी कथित रूप से अभ्यर्थियों को प्राथमिक शिक्षक की नौकरी दिलाने का वादा करके उनसे रिश्वत वसूलने का काम करते थे।’’

बृहस्पतिवार से शुरू हुए इस अभियान के दौरान चटर्जी के पूर्व राजनीतिक निजी सचिव पार्थ सरकार उर्फ भाजा, पूर्व ओएसडी प्रबीर बनर्जी और पूर्व सरकारी निजी सचिव सुकांत आचार्जी के परिसरों की तलाशी ली गई।

बयान में कहा गया है, ‘‘तलाशी के दौरान विभिन्न दस्तावेज/सामग्री मिली है और उनकी जांच की जा रही है।’’

सरकार फिलहाल कोलकाता नगर निगम की वार्ड संख्या 128 से पार्षद हैं, जबकि बनर्जी राज्य के कार्मिक एवं प्रशासनिक सुधार विभाग में कार्यरत हैं।

एजेंसी ने संतु गांगुली, सुजय कृष्णा भद्रा, जॉयदीप दास और बीरेन रॉय के परिसरों की भी तलाशी ली।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)