जरुरी जानकारी | चाय बोर्ड ने एसटीजी, बीएलएफ के लिए मूल्य साझाकरण फॉर्मूले का अध्ययन शुरू किया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. चाय बोर्ड ने देश के चाय की पैदावार वाले जिलों में मूल्य साझाकरण फॉर्मूला तय करने के लिए एक अध्ययन शुरू किया है और इसके लिए एक सलाहकार की भी नियुक्ति कर दी गई है।

कोलकाता, 21 जून चाय बोर्ड ने देश के चाय की पैदावार वाले जिलों में मूल्य साझाकरण फॉर्मूला तय करने के लिए एक अध्ययन शुरू किया है और इसके लिए एक सलाहकार की भी नियुक्ति कर दी गई है।

चाय बोर्ड के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह अध्ययन तमिलनाडु के गुडलूर-पंडलूर क्षेत्र और केरल के वायनाड जिले को छोड़कर देश के सभी चाय उत्पादक जिलों में किया जाएगा। चाय बोर्ड ने इस संबंध में नियुक्त सलाहकार को अध्ययन पूरा करने के लिए छह महीने का समय दिया है।

सलाहकार फर्म की टीम भौतिक रूप से असम, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल और त्रिपुरा राज्यों का दौरा करेगी जहां छोटे चाय उत्पादकों (एसटीजी) की अधिकता है।

अधिकारी ने कहा कि अन्य चाय उत्पादक राज्यों, मसलन हिमाचल प्रदेश, कर्नाटक, उत्तराखंड, बिहार, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड और सिक्किम के लिए ऑनलाइन माध्यम से अध्ययन किया जाएगा।

भारतीय चाय संघ के महासचिव अरिजीत राहा ने कहा कि प्रस्तावित मूल्य-साझाकरण फॉर्मूला उस कीमत का निर्धारण करेगा जो चाय पत्ती कारखाने छोटे चाय उत्पादकों से हरी पत्ती खरीदने के लिए चुकाएंगे। उन्होंने कहा, "इससे एसटीजी को हरी पत्तियों के लिए उचित और लाभकारी मूल्य प्राप्त करने में मदद मिलेगी।"

कन्फेडरेशन ऑफ इंडियन स्मॉल टी ग्रोअर्स एसोसिएशन (सीआईएसटीए) के अध्यक्ष बिजॉय गोपाल चक्रवर्ती ने कहा कि अध्ययन करने का कदम स्वागत योग्य है और लंबे समय से इसकी मांग की जा रही थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now