देश की खबरें | तेदेपा ने राष्ट्रीय राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई : नायडू

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने शुक्रवार को कहा कि क्षेत्रीय दल होने के बावजूद तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) ने राष्ट्रीय राजनीति और कई बार केंद्र में सरकार बनवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

अमरावती, 18 अक्टूबर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने शुक्रवार को कहा कि क्षेत्रीय दल होने के बावजूद तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) ने राष्ट्रीय राजनीति और कई बार केंद्र में सरकार बनवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

तेदेपा सांसदों, विधायकों और विधानपार्षदों की बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, “भले ही हम एक क्षेत्रीय पार्टी हैं, लेकिन हमने राष्ट्रीय राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। हम एक समय केंद्रीय भूमिका में थे और हमने राष्ट्रीय मोर्चा और संयुक्त मोर्चा का गठन किया और केंद्र में सरकार बनाने में योगदान दिया।”

उन्होंने कहा कि किसी पद की उम्मीद किए बिना, तेदेपा ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली सरकार को छह साल तक समर्थन दिया था।

नायडू ने कहा कि जनसेना प्रमुख पवन कल्याण ने आंध्र प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले तेदेपा के साथ गठबंधन के लिए उनसे संपर्क किया था। उन्होंने कहा कि अभिनेता-नेता यह नहीं चाहते थे कि वोट विपक्षी दलों के बीच बंट जाए। उन्होंने कहा कि बाद में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तेदेपा से संपर्क कर उनसे राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन में शामिल होने का अनुरोध किया।

पूर्ववर्ती वाई.एस. जगन मोहन रेड्डी सरकार पर हमला करते हुए नायडू ने कहा कि राज्य पर 10.5 लाख करोड़ रुपये का कर्ज है।

उन्होंने कहा कि केंद्र द्वारा दी गई मदद के कारण राज्य स्थिति से निपटने में सक्षम है, अन्यथा स्थिति और खराब हो सकती थी।

देश में भाजपा की प्रगति के बारे में बताते हुए नायडू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को चंडीगढ़ में राजग के मुख्यमंत्रियों और उपमुख्यमंत्रियों की बैठक में पांच घंटे बैठकर यह संदेश दिया कि वह महाराष्ट्र और झारखंड में आगामी चुनावों के लिए तैयार हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\