देश की खबरें | तेदेपा की स्थापना लोगों की जिंदगी बदलने के लिए हुआ है: चंद्रबाबू नायडू

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. (तस्वीर के साथ)

(तस्वीर के साथ)

कडप्पा (आंध्र प्रदेश), 29 मई तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के अध्यक्ष और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने बृहस्पतिवार को कहा कि उनकी पार्टी की स्थापना लोगों के जीवन में बदलाव लाने के लिए हुआ है।

नायडू ने पार्टी के तीन दिवसीय वार्षिक सम्मेलन (तेदेपा महानाडु) के अंतिम दिन एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि तेदेपा समर्थकों की बड़ी संख्या में उपस्थिति देखकर उनका उत्साह बढ़ा है।

तेदेपा प्रमुख ने कहा कि मुख्य विपक्षी वाईएसआर कांग्रेस के गढ़ माने जाने वाले कडप्पा में महानाडू का आयोजन यह साबित करने के लिए किया गया कि यह स्थान तेदेपा का गढ़ है।

नायडू ने रेखांकित किया कि 2024 के चुनाव में रायलसीमा क्षेत्र की 52 विधानसभा सीट में से 45 पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को जीत मिली। उन्होंने कहा कि तेदेपा इस बात के लिए अध्ययन का विषय है कि सरकार और राजनीतिक पार्टी कैसे चलायी जानी चाहिए, जबकि वाईएसआर कांग्रेस पार्टी इसके विपरीत है।

नायडू ने आरोप लगाया कि पिछली वाईएसआर कांग्रेस पार्टी सरकार में अत्याचार, हत्या, दुर्व्यवहार और उत्पीड़न व्याप्त था। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के दौरान राज्य 30 साल पिछड़ गया।

नायडू ने कहा कि राज्य पर 10 लाख करोड़ रुपये का कर्ज है और वह सालाना 40,000 करोड़ रुपये ब्याज के रूप में चुका रहा है। हालांकि, मुख्यमंत्री ने 2029 तक ‘गरीबी का उन्मूलन ’ करने और सभी को आवास मुहैया कराने का वादा किया।

नायडू ने रायलसीमा की लंबित परियोजनाओं को पूरा करने और इसे आंध्र प्रदेश के मुकुट का मणि बनाने का आश्वासन दिया।

उन्होंने कडप्पा में हज हाउस का निर्माण छह महीने के भीतर पूरा करने का वादा किया और कुरनूल में उच्च न्यायालय की पीठ का संकल्प लिया।

तेदेपा के नेतृत्व वाली राजग सरकार के गठन के एक वर्ष 12 जून हो रहे हैं। नायडू ने आश्वासन दिया कि कडप्पा इस्पतात कारखाना स्थापित करने का काम उससे पहले शुरू हो जाएगा। इस परियोजना के पहले चरण में 4,500 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा।

उन्होंने ‘महानाडु’ के दौरान पेश किए गए छह प्रमुख प्रस्तावों को ऐतिहासिक बताया, जिनमें समृद्ध, स्वस्थ और खुशहाल आंध्र प्रदेश के लिए काम करने का वादा किया गया।

नायडू ने कहा कि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में विशाखापत्तनम के आरके बीच पर योग सत्र में पांच लाख लोग भाग लेंगे, जिसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी शामिल होंगे।

मुख्यमंत्री के अनुसार, 21 जून को पूरे राज्य में दो करोड़ लोग योग में हिस्सा लेंगे, जबकि 20 लाख लोगों को प्रमाण पत्र भी दिए जाएंगे।

हाल ही में पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि आतंकवादियों ने 26 निर्दोष लोगों की हत्या कर दी, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया, पाकिस्तान में घुसे और ‘‘उन्हें (आतंकवादियों को) 20 मिनट में खत्म कर दिया।’’

तेदेपा की स्थापना संयुक्त आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और अभिनेता एनटी रामाराव (एनटीआर) ने 1982 में की थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें