देश की खबरें | तेदेपा प्रमुख चंद्रबाबू नायडू भ्रष्टाचार मामले में गिरफ्तार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. (तस्वीरों के साथ)

(तस्वीरों के साथ)

नंदयाल (आंध्र प्रदेश), नौ सितंबर तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के प्रमुख चंद्रबाबू नायडू को 371 करोड़ रुपये के कथित कौशल विकास घोटाले के सिलसिले में शनिवार सुबह गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस अधिकारियों ने सभी सुविधाओं से लैस उनकी बस का दरवाजा खटखटाया, जिसमें वह सो रहे थे और उसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

आंध्र प्रदेश पुलिस ने बताया कि अपराध जांच विभाग (सीआईडी) के दल ने आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री को सुबह करीब छह बजे नंदयाल शहर के ज्ञानपुरम स्थित आर के फंक्शन हॉल के बाहर से गिरफ्तार किया, जहां उनकी बस खड़ी थी।

नायडू को दिए गए नोटिस में सीआईडी ​​की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) के पुलिस उपाधीक्षक एम धनंजयुडु ने कहा, "आपको सूचित किया जाता है कि आपको सुबह छह बजे नंदयाल शहर के ज्ञानपुरम स्थित मूलसागरम के आवास आर के फंक्शन हॉल से गिरफ्तार कर लिया गया है और यह एक गैर-जमानती अपराध है।"

नोटिस के मुताबिक, नायडू को भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 120बी (आपराधिक साजिश), 420 (धोखाधड़ी) और 465 (जालसाजी) सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है।

नोटिस के अनुसार, आंध्र प्रदेश सीआईडी ​​ने पूर्व मुख्यमंत्री के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (पीएमएलए) की धाराएं भी लगाई हैं। अधिकारियों ने बताया कि नायडू को नोटिस दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 50 (1) (2) के तहत दिया गया है।

अनंतपुर जिले के रायडुरगाम में हाल में आयोजित एक बैठक में नायडू ने संकेत दिया था कि उन पर जल्द ही हमला किया जा सकता है या उन्हें गिरफ्तार किया जा सकता है।

इस बीच, तेदेपा के आधिकारिक ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर पुलिस द्वारा नायडू की बस से उन्हें गिरफ्तार करने के नाटकीय वीडियो साझा किए गए हैं। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि तेदेपा नेता पुलिस अधिकारियों से बहस कर रहे हैं।

कुरनूल जिले के बनागानापल्ली में ‘बाबू श्योरिटी-भविष्यथुकु गारंटी’ कार्यक्रम के तहत महिलाओं की एक सभा को संबोधित करने के बाद नायडू नंदयाल में अपनी बस में आराम कर रहे थे, तभी शनिवार तड़के पुलिस ने उन्हें जगाया।

पुलिस को नायडू को गिरफ्तार करने के लिए उनकी बस का दरवाजा खटखटाते हुए देखा गया। कुछ वीडियो में तेदेपा प्रमुख विवाह स्थल पर बैठे हुए अधिकारियों से बातचीत करते हुए नजर आए।

तेदेपा द्वारा नायडू की गिरफ्तारी से पहले पोस्ट किए गए एक वीडियो में पार्टी प्रमुख को पुलिस से प्राथमिकी की प्रति देने की मांग करते हुए देखा गया।

नायडू ने कहा, ‘‘आप प्राथमिकी में मेरा नाम दर्ज हुए बगैर या प्राथमिकी की प्रति उपलब्ध कराए बिना मुझे कैसे गिरफ्तार कर सकते हैं। आपको मुझे सभी जानकारी देनी होगी।’’

नायडू के पीछे बैठे एक अन्य तेदेपा नेता ने पुलिस से विपक्ष के नेता को गिरफ्तार करने का प्रथम दृष्टया कारण बताने की मांग की।

पुलिस अधिकारी ने 371 करोड़ रुपये की कथित अनियमितता से जुड़े कौशल विकास घोटाले के संदर्भ में कहा कि यह दो साल पुराना मामला है।

टीवी पर प्रसारित दृश्यों से पता चलता है कि राज्य के कुछ स्थानों पर तेदेपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किए।

सरकार के सलाहकार एस रामकृष्ण रेड्डी ने मीडिया को बताया कि पुलिस को आर्थिक अपराध के मामलों में गिरफ्तारी से पहले नोटिस देने की आवश्यकता नहीं होती है।

उन्होंने कहा कि अगर प्राथमिकी में आरोपी का नाम दर्ज नहीं है, तो भी नोटिस देने की आवश्यकता नहीं होती है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

GT vs MI, IPL 2026 30th Match Date And Time: कब और कितने बजे से खेला जाएगा गुजरात टाइटंस बनाम मुंबई इंडियंस के बीच रोमांचक मुकाबला? इस स्टेडियम में भिड़ेंगी दोनों टीमें, यहां जानें वेन्यू समेत मैच से जुड़ी सभी जानकारी

PBKS vs LSG, IPL 2026 29th Match Scorecard: चंडीगढ़ मुकाबले में पंजाब किंग्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 54 रनों दी पटखनी, लगाया जीत का पंजा; यहां देखें मैच का स्कोरकार्ड

Will MS Dhoni Play in MI vs CSK IPL 2026 Match: मुंबई इंडियंस बनाम चेन्नई सुपरकिंग्स के मुकाबले से पहले बड़ी खबर, क्या आईपीएल 2026 में वापसी करेंगे एमएस धोनी? फिटनेस को लेकर आया अपडेट

Manipur Tension: मणिपुर में फिर बढ़ा तनाव, उखरुल में पूर्व सैनिक समेत दो की हत्या से हालात बिगड़े; संदिग्ध उग्रवादियों पर FIR दर्ज