एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | दिल्ली में इस मौसम का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली में सोमवार को इस मौसम का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

देश की खबरें | 	दिल्ली में इस मौसम का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज

नयी दिल्ली, 14 मार्च दिल्ली में सोमवार को इस मौसम का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

दिल्लीवासियों के लिए सोमवार की सुबह मौसम सुहावना रहा और न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

उन्होंने बताया कि अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत से चार डिग्री सेल्सियस अधिक है। हवा में आर्द्रता का स्तर 94 फीसदी से 37 फीसदी के बीच रहा।

मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘दिल्ली में तापमान 18 मार्च तक 36 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच बढ़ेगा। हवाएं चलने के कारण स्थिति में कुछ बदलाव होगा। इसलिए 18 और 19 मार्च को कुछ राहत मिलेगी। इसके बाद तापमान में वृद्धि जारी रहेगी।’’

दिल्ली में वर्ष 2021 में अधिकतम तापमान 12 मार्च तक 35 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था। हालांकि, 2020 में दिल्ली में मार्च में अधिकतम 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अधिकारी ने कहा, ‘‘2019 में, हमने 23 मार्च तक अधिकतम 30 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज नहीं किया था। 2020 और 2021 में बारिश हुई थी, लेकिन इस बार महीना सूखा रहा।’’

मौसम विभाग ने मंगलवार को प्रमुख रूप से आसमान साफ रहने का अनुमान जताया है और अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 34 डिग्री सेल्सियस और 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई है।

केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार दिल्ली में सोमवार को वायु गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में रही। अपराह्न चार बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 231 दर्ज किया गया। वहीं, पड़ोसी शहर गुरुग्राम में एक्यूआई 252, ग्रेटर नोएडा में 231, फरीदाबाद में 225 और नोएडा में 209 दर्ज किया गया।

एक्यूआई को शून्य से 50 के बीच 'अच्छा', 51 से 100 के बीच 'संतोषजनक', 101 और 200 के बीच 'मध्यम', 201 और 300 के बीच 'खराब', 301 और 400 के बीच 'बेहद खराब' तथा 401 और 500 के बीच 'गंभीर' श्रेणी में माना जाता है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Mar 14, 2022 09:37 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).