टाटा मोटर्स ने कारों की बिक्री के लिए शुरू किया ऑनलाइन मंच
कंपनी ने एक बयान में कहा कि इस मंच पर कंपनी के देशभर में मौजूद 750 से अधिक आउटलेट जुड़े रहेंगे। इस मंच से ऑर्डर करने पर ग्राहकों को वाहन की घर पर डिलिवरी दी जाएगी।
नयी दिल्ली, 13 अप्रैल टाटा मोटर्स ने अपने यात्री वाहनों की बिक्री के लिए सोमवार को ऑनलाइन मंच ‘क्लिक टू ड्राइव’ की पेशकश की। इस मंच पर ग्राहकों को कंपनी के यात्री वाहनों की खरीद से जुड़ा पूरा डिजिटल बिक्री अनुभव (एंड टू एंड एक्सपीरियंस) मिलेगा।
कंपनी ने एक बयान में कहा कि इस मंच पर कंपनी के देशभर में मौजूद 750 से अधिक आउटलेट जुड़े रहेंगे। इस मंच से ऑर्डर करने पर ग्राहकों को वाहन की घर पर डिलिवरी दी जाएगी।
ग्राहक ‘क्लिक टू ड्राइव’ मंच पर पंजीकरण कराकर टाटा मोटर्स के पोर्टफोलियों में से अपनी पसंद का वाहन बुक करा सकते हैं। वाहन चुनने में उनकी मदद के लिए वीडियो उपलब्ध होंगे जो उन्हें वाहन से जुड़ी हर एक बारीक जानकारी देंगे।
बयान के मुताबिक एक बार वाहन चुनने के बाद ग्राहक अपने पास के डीलर का चुनाव कर सकते हैं और बाद की तारीखों पर घर पर डिलिवरी या बाद में स्टोर से खुद उठाकर ले जाने का विकल्प चुन सकते हैं।
मंच पर ग्राहक वाहन के बुकिंग राशि का भुगतान कर सकते हैं। उसके बाद ग्राहक को उसके खरीद की पूरी जानकारी मेल पर दी जाएगी। साथ ही टाटा कॉल सेंटर से उनका पूरी तरह मार्ग निर्देशन किया जाएगा। इसके अलावा चुनी हुए डीलर का बिक्री एजेंट भी ग्राहक को फोन कर ऑर्डर की पुष्टि करेगा।
इस मंच पर ग्राहक वाहनों के लिए ऋण सुविधा इत्यादि का भी उपयोग कर सकते हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 13, 2020 04:51 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

