निवेशकों को उचित माहौल देने के लिए बनाएंगे टास्क फोर्स : गहलोत
गहलोत ने बृहस्पतिवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग से उद्यमियों से संवाद करते हुए कहा कि कोरोना वायरस संक्रमण तथा लॉकडाउन के कारण उद्योगों को हो रही तकलीफ का एहसास सरकार को है। संकट की इस घड़ी में सरकार उद्यमियों के साथ खड़ी है। हम हर प्रयास करेंगे जिससे उद्योगों को संबल मिल सके।
जयपुर, सात मई राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि सरकार जल्द टास्क फोर्स गठित कर निवेशकों को उचित वातावरण प्रदान करने का काम आगे बढ़ाएगी ताकि राज्य में अर्थव्यवस्था जल्द से जल्द पटरी पर लौट सके और श्रमिक रोजगार से जुड सकें।
गहलोत ने बृहस्पतिवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग से उद्यमियों से संवाद करते हुए कहा कि कोरोना वायरस संक्रमण तथा लॉकडाउन के कारण उद्योगों को हो रही तकलीफ का एहसास सरकार को है। संकट की इस घड़ी में सरकार उद्यमियों के साथ खड़ी है। हम हर प्रयास करेंगे जिससे उद्योगों को संबल मिल सके।
उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में औद्योगिक गतिविधियां शुरू हो गई हैं। उद्यमी इकाइयों में सामाजिक दूरी एवं अन्य दिशानिर्देशों का पालन करते हुए उत्पादन गतिविधियां जारी रखें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी श्रमिक के संक्रमित पाए जाने पर उद्यमी पर कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी, लेकिन जीवन की रक्षा को ध्यान में रखते हुए वे एहतियात के साथ कार्य करें।
उन्होंने अतिरिक्त मुख्य सचिव गृह को निर्देश दिए कि अन्तरराज्यीय सीमा सील करने के कारण भिवाड़ी के उद्यमियों एवं श्रमिकों को आवागमन में आ रही बाधाओं को दूर करें।
उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस के कारण दुनियाभर के निवेशक भारत में संभावनाएं तलाश रहे हैं। ऎसे में उनके लिए राजस्थान बेहतर गंतव्य बन सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लॉकडाउन के कारण राज्य सरकारों के राजस्व पर विपरीत असर पड़ा है। केन्द्र सरकार एक बड़ा आर्थिक प्रोत्साहन पैकेज दे जिससे राज्यों के हालात सुधरें और उद्योगों को राहत मिल सके।
उद्योग मंत्री परसादीलाल मीणा ने कहा कि करीब दो लाख श्रमिक राज्य में औद्योगिक गतिविधियों से पुनः जुड़ गए हैं।
अतिरिक्त मुख्य सचिव उद्योग सुबोध अग्रवाल ने कहा कि प्रतिदिन 10 से 15 हजार श्रमिक काम पर लौट रहे हैं जो अच्छा संकेत है।
बैठक में सातों संभागों तथा पाली, बालोतरा, भिवाड़ी, बाडमेर, भीलवाड़ा सहित अन्य स्थानों के औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने सुझाव दिए।
इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य सचिव गृह राजीव स्वरूप, अतिरिक्त मुख्य सचिव वित्त निरंजन आर्य, शासन सचिव श्रम नीरज के पवन सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
कुंज
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 08, 2020 01:10 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

