चेन्नई, 14 अप्रैल तमिल नववर्ष ‘विश्ववसु’ सोमवार को पूरे तमिलनाडु में हर बार की तरह उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया।
तमिल महीने ‘चिथिरई’ से नये साल की शुरुआत होती है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने इस अवसर पर लोगों को बधाई दी।
समृद्ध एवं सफल नववर्ष की प्रार्थना करने के लिए लोग चेन्नई, मदुरै और तिरुचिरापल्ली सहित अन्य जगहों पर विभिन्न प्रसिद्ध मंदिरों में पहुंचे।
मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर तमिल ‘‘पुथांडु’’ (नये साल) की शुभकामनाएं देते हुए हर ओर खुशहाली की कामना की।
उन्होंने कहा, ‘‘यह नया साल खुशहाली, अच्छा स्वास्थ्य और खुशियां लेकर आए। सभी को अच्छा स्वास्थ्य मिले।’’
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने अपने शुभकामना संदेश में कहा, ‘‘यह नया साल आपके लिए सद्भाव, समृद्धि, अच्छा स्वास्थ्य और खुशियां लेकर आए।’’
तमिलनाडु के राज्यपाल आरएन रवि और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने नववर्ष की शुभकामनाएं दी हैं।
रवि ने अपने शुभकामना संदेश में कहा, ‘‘तमिल नववर्ष के शुभ अवसर पर मैं सभी को, खास तौर पर दुनियाभर में रहने वाले अपने तमिल भाइयों एवं बहनों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। यह दिन हमारी गौरवशाली, प्राचीन, समृद्ध तमिल संस्कृति और विरासत, जीवंत वर्तमान और आशाजनक भविष्य का उत्सव है।’’
उन्होंने एक बयान में कहा, ‘‘नया साल सभी के लिए समृद्धि, अच्छा स्वास्थ्य, नयी ऊर्जा और भरपूर अवसर लेकर आए। यह ‘अमृत काल में 2047 तक विकसित भारत’ के लिए एक विकसित तमिलनाडु बनाने के हमारे सामूहिक संकल्प को और मजबूत करे।’’
ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (एआईएडीएमके) के महासचिव और पूर्व मुख्यमंत्री एडप्पडी के पलानीस्वामी ने कहा, ‘‘आइए, हम सभी नये लक्ष्य हासिल करें, बाधाओं को पार करके सफलता अर्जित करें और इस तमिल नववर्ष पर तमिलनाडु को समृद्ध बनाएं।’’
अम्मा मक्कल मुनेत्र कषगम (एएमएमके) नेता टीटीवी दिनाकरन, मरुमलार्ची द्रविड़ मुनेत्र कषगम (एमडीएमके) प्रमुख वाइको, पट्टाली मक्कल काची (पीएमके) नेता अंबुमणि रामदास और निष्कासित अन्नाद्रमुक नेता ओ पनीरसेल्वम ने भी तमिल नववर्ष की शुभकामनाएं दीं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY