जरुरी जानकारी | नीति आयोग के निर्यात तैयारी सूचकांक में तमिलनाडु तटीय राज्यों में शीर्ष पर

नयी दिल्ली, 17 जुलाई नीति आयोग के निर्यात तैयारी सूचकांक 2022 में तमिलनाडु तटीय राज्यों में महाराष्ट्र और गुजरात को पीछे छोड़कर शीर्ष राज्य बन गया है।

सूचकांक का मकसद राज्यों की निर्यात क्षमता और प्रदर्शन के लिहाज से उनकी तैयारी का आकलन करना है।

आयोग ने सोमवार को जारी रिपोर्ट में कहा कि तटीय राज्यों की रैंकिंग में तमिलनाडु के बाद महाराष्ट्र, कर्नाटक, गुजरात, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और केरल का स्थान है।

पहाड़ी/हिमालयी राज्यों में उत्तराखंड शीर्ष स्थान पर है। इसके बाद हिमाचल प्रदेश, मणिपुर, त्रिपुरा, सिक्किम, नागालैंड, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम का स्थान है।

भूमि से घिरे राज्यों में हरियाणा शीर्ष पर है। इसके बाद तेलंगाना, उत्तर प्रदेश, पंजाब, मध्य प्रदेश और राजस्थान का स्थान रहा।

केंद्र शासित प्रदेशों और छोटे राज्यों की श्रेणी में गोवा को पहला स्थान मिला। इसके बाद जम्मू और कश्मीर, दिल्ली, अंडमान और निकोबार और लद्दाख का स्थान था।

इस सूचकांक के लिए राज्यों का मूल्यांकन चार मुख्य स्तंभों पर आधारित है- नीति, व्यापार माहौल, निर्यात माहौल और निर्यात प्रदर्शन।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)