चेन्नई, 28 जुलाई चेन्नई मेट्रोपॉलिटिन क्षेत्र के तांबरम शहर में मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई में एक व्यापक तलाशी अभियान के बाद 5000 से अधिक ‘गांजा चॉकलेट’ जब्त की गईं। इस मामले से संबंधित 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया है जिसमें सात कॉलेज छात्र भी शामिल हैं। तांबरम पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस द्वारा बताया गया कि एक सहायक आयुक्त के नेतृत्व में लगभग 100 पुलिसकर्मियों ने एक साथ 5 अपार्टमेंट सहित 12 स्थानों पर तलाशी ली। तांबरम शहर पुलिस की एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि इसमें 166 ग्राम गांजा, 5,250 ‘गांजा चॉकलेट’, अनधिकृत हुक्का केंद्रों से हुक्का संबंधित सामान, अवैध तंबाकू उत्पाद और गांजा बेचने में इस्तेमाल किये जा रहे 10 मोबाइल फोन जब्त किए गए, साथ ही 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
तांबरम शहर पुलिस आयुक्तालय के अधिकार क्षेत्र में चेन्नई के सभी उपनगरों पोथेरी, मरिमलाई नगर और कट्टनकुलतुर में पुलिस द्वारा 26 जुलाई, 2025 को तलाशी ली गई।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए 11 लोगों में से 7 इंजीनियरिंग के छात्र हैं। उसने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मरिमलाई नगर पुलिस थाने में (स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम, 1985 और सिगरेट एवं अन्य तंबाकू पदार्थ अधिनियम, 2003 के तहत) सात मामले दर्ज किए गए हैं।
विशेष पुलिस दल खरीद के स्रोत, वितरण नेटवर्क और इसमें शामिल मादक पदार्थ तस्करी गिरोह की जांच जारी रखे हुए है।
उसने कहा, ‘‘इस नेटवर्क को पूरी तरह से ध्वस्त करने और क्षेत्र में मादक पदार्थ के खतरे को खत्म करने के लिए कड़े और निरंतर प्रयास जारी हैं।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY