देश

Rajya Sabha-MLC Election: चुनाव आयोग ने जारी किया अक्टूबर का चुनावी शेड्यूल, राज्यसभा की 12 और MLC की 28 सीटों पर मतदान की तारीखों का ऐलान

भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल में राज्यसभा की 12 सीटों और चार राज्यों में विधान परिषद की 28 सीटों पर अक्टूबर में होने वाले चुनावों के कार्यक्रम की घोषणा कर दी है.

Rajya Sabha-MLC Election: चुनाव आयोग ने जारी किया अक्टूबर का चुनावी शेड्यूल,  राज्यसभा की 12 और MLC की 28 सीटों पर मतदान की तारीखों का ऐलान

  Rajya Sabha-MLC Election:  भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल में राज्यसभा की 12 सीटों और बिहार, कर्नाटक, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश में विधान परिषद (MLC) की 28 सीटों के लिए आगामी चुनावों के कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा कर दी है. आयोग के अनुसार, राज्यसभा सीटों के लिए मतदान 16 अक्टूबर 2026 को होगा, जबकि विधान परिषद सीटों के लिए वोट 23 अक्टूबर को डाले जाएंगे.

राज्यसभा की 12 सीटों में से 11 सीटों पर द्विवार्षिक चुनाव (Biennial Elections) आयोजित किए जा रहे हैं. वहीं, पश्चिम बंगाल की एक सीट पर तृणमूल कांग्रेस (TMC) की सांसद रुक्मणी मलिक के इस्तीफे से खाली हुई जगह को भरने के लिए उपचुनाव कराया जाएगा.

16 अक्टूबर को होगा राज्यसभा सीटों पर मतदान

द्विवार्षिक चुनाव के तहत उत्तर प्रदेश की 10 सीटों और उत्तराखंड की 1 सीट पर वोट डाले जाएंगे. इसके साथ ही पश्चिम बंगाल की खाली हुई एक सीट पर अलग से उपचुनाव कराया जाएगा.

चुनाव आयोग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, इस चुनावी प्रक्रिया की शुरुआत 29 सितंबर को चुनाव अधिसूचना जारी होने के साथ होगी. उम्मीदवार 6 अक्टूबर तक अपने नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे. नामांकनों की जांच 7 अक्टूबर को होगी और उम्मीदवार 9 अक्टूबर तक अपना नाम वापस ले सकेंगे.

16 अक्टूबर को सुबह 9:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक मतदान की प्रक्रिया संपन्न होगी. इसके तुरंत बाद, उसी दिन शाम 5:00 बजे से मतों की गिनती शुरू की जाएगी.

उत्तर प्रदेश में 10 राज्यसभा सीटों का समीकरण

उत्तर प्रदेश की जिन 10 सीटों पर चुनाव हो रहे हैं, उनमें से अधिकांश उन सदस्यों की हैं जिनका कार्यकाल समाप्त हो रहा है. इसके अलावा, पूर्व राज्यसभा सदस्य दिनेश शर्मा द्वारा अंडमान और निकोबार द्वीप समूह का उपराज्यपाल नियुक्त किए जाने के बाद दिए गए इस्तीफे से खाली हुई सीट भी शामिल है.

इन सीटों पर चुनाव के नतीजे राज्य विधानसभाओं में राजनीतिक दलों के मौजूदा संख्या बल और उनकी आगामी स्थिति को तय करने में अहम भूमिका निभाएंगे.

(The above story first appeared on LatestLY on Sep 22, 2026 02:19 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).