देश की खबरें | तमिलनाडु के राज्यपाल ने ‘सौराष्ट्र तमिल संगम’ के लिए जाने वाली पहली ट्रेन को हरी झंडी दिखाई

चेन्नई, 15 अप्रैल ‘सौराष्ट्र तमिल संगमम’ में शामिल होने के लिए तमिलनाडु के प्रतिनिधियों को लेकर गुजरात जाने वाली पहली ट्रेन को राज्यपाल आर. एन. रवि ने शनिवार को हरी झंडी दिखायी।

‘काशी तमिल संगमम’ की तरह ही गुजरात तथा तमिलनाडु के बीच संबंधों को मजबूत बनाने के लक्ष्य से यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।

दक्षिण रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि चेन्नई एग्मोर रेलवे स्टेशन से तड़के रवाना हुई यह ट्रेन 36 घंटे लंबी यात्रा करके गुजरात के वेरावल स्टेशन पहुंचेगी।

हाल ही में बनारस में संपन्न हुए ‘काशी तमिल संगमम’ की भांति केन्द्र सरकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दृष्टिकोण के आधार पर ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के तहत ‘सौराष्ट्र तमिल संगमम’ का आयोजन कर रही है।

आयोजन की विशेष वेबसाइट के अनुसार, ‘सौराष्ट्र तमिल संगमम’ विभिन्न क्षेत्रों और तबके के लोगों को आपस में जोड़ने और आपसी संबंधों को बेहतर बनाने का विशिष्ट आयोजन है।

राजभवन ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से पोस्ट किया, ‘‘तमिलनाडु के हजारों भाई-बहन सौराष्ट्र की सांस्कृतिक तीर्थयात्रा पर हैं ताकि वे अपने हजारों साल पुराने संबंधों को फिर से जीवित और मजूबत बना सकें।’’

बयान के अनुसार, ‘पहला जत्था चेन्नई एग्मोर रेलवे स्टेशन से रवाना हुआ है। सौराष्ट्र तमिल संगमम के लिए दूरद्रष्टा प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद। काशी तमिल संगमम की यह कड़ी भारत की एकता की प्राकृतिक संस्कृति को दर्शाती है।’’

दक्षिण रेल के अधिकारियों ने बताया कि गुजरात में वेरावल, सोमनाथ मंदिर जाने के लिए निकटतम रेलवे स्टेशन है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)