देश की खबरें | तमिलनाडु : सांसद के कथित महिला विरोधी बयान पर विवाद
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. लोकसभा सदस्य और विदुतलै चिरुतैगल काची (वीसीके) के संस्थापक टी तिरुमवालावन द्वारा महिलाओं के बारे में कथित तौर पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर यहां शुक्रवार को विवाद उत्पन्न हो गया।
चेन्नई, 23 अक्टूबर लोकसभा सदस्य और विदुतलै चिरुतैगल काची (वीसीके) के संस्थापक टी तिरुमवालावन द्वारा महिलाओं के बारे में कथित तौर पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर यहां शुक्रवार को विवाद उत्पन्न हो गया।
भाजपा ने इस मामले में तिरुमवालावन की आलोचना करते हुए उनसे माफी की मांग की।
यह भी पढ़े | Yes Bank ने जुलाई-सितंबर तिमाही में 129 करोड़ रुपये का लाभ कमाया.
चिदंबरम से सांसद तिरुमवालावन पर आरोप है कि उन्होंने मनुस्मृति का हवाला देते हुए महिलाओं के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी की।
हालांकि उन्होंने इन आरोपों का खंडन किया और कहा कि वह महिलाओं के उत्थान के लिए काम कर रहे हैं।
सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे एक वीडियो में तिरुमवालावन को कथित तौर पर कुछ टिप्पणी करते हुए देखा जा सकता है। लेकिन उनका कहना है कि “सांप्रदायिक ताकतें” उनकी छवि बिगाड़ने के लिए ऐसा कर रही हैं।
ट्विटर पर कुछ लोग वीसीके नेता के पक्ष में बोल रहे हैं तो कुछ उनकी आलोचना कर रहे हैं।
भाजपा नेता खुशबू सुंदर ने तिरुमवालावन को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि चूंकि वह एक राजनीतिज्ञ हैं इसलिए उन्हें बोलते समय सावधानी बरतनी चाहिए।
प्रदेश भाजपा मुख्यालय कमलालयम पर सुंदर ने संवाददाताओं से कहा कि महिलाओं को वस्तु की तरह नहीं दर्शाया जाना चाहिए।
उन्होंने तिरुमवालावन पर “धर्म का इस्तेमाल” कर महिलाओं का अपमान करने का आरोप लगाया।
सुंदर ने तिरुमवालावन से माफी की मांग की।
आरोपों का जवाब देते हुए तिरुमवालावन ने कहा कि हाल ही में डिजिटल माध्यम से आयोजित हुए एक सम्मेलन में उन्होंने महिलाओं के विरुद्ध कोई आपत्तिजनक टिप्पणी नहीं की।
तिरुमवालावन ने अपने ट्विटर खाते पर एक वीडियो साझा किया जिसमें उन्होंने कहा, “मैंने कहा कि मनुस्मृति महिलाओं को नीचा दिखाती है। लेकिन जिन जातिवादी सांप्रदायिक लोगों को राजनीतिक फायदा लेना है, वह मेरे खिलाफ दुष्प्रचार कर रहे हैं और ऐसा दिखा रहे हैं कि मैंने महिलाओं के विरुद्ध कुछ गलत बोल दिया।”
उन्होंने कहा, “यह पूरी तरह गलत है। हम महिलाओं के उत्थान के लिए लड़ रहे हैं और जो इसे बर्दाश्त नहीं कर पा रहे, वह चुनाव से पहले द्रमुक के साथ होने वाले गठबंधन में दरार पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं।”
तिरुमवालावन ने तमिलनाडु में शनिवार को उनकी पार्टी द्वारा मनुस्मृति के विरोध में प्रदर्शन करने की घोषणा की है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)