चेन्नई, आठ सितंबर मशहूर तमिल अभिनेता-निर्देशक जी. मारीमुथु का शुक्रवार को यहां दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। दक्षिण भारतीय कलाकार संघ ने यह जानकारी दी।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन, उनके बेटे उदयनिधि और अभिनेता रजनीकांत व अन्य लोगों ने मारीमुथु की के निधन पर शोक व्यक्त किया।
नादिगर संगम (दक्षिण भारतीय कलाकार संघ) ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘निर्देशक और अभिनेता जी मारीमुथु का आज सुबह एक निजी अस्पताल में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया।’’
एक तमिल टेलीविजन (टीवी) धारावाहिक के लिए डबिंग के दौरान मारीमुथु कथित तौर पर बेहोश हो गए और उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। मारीमुथु ने दो फिल्मों 'कन्नुम कन्नुम' और 'पुलिवाल' का निर्देशन किया था। दोनों ही फिल्मों में जाने-माने अभिनेता प्रसन्ना ने अभिनय किया है।
मुख्यमंत्री स्टालिन ने एक बयान जारी कर अभिनेता के निधन पर शोक व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने कहा, “कई साक्षात्कारों और आयोजनों के दौरान अंधविश्वास के खिलाफ उनकी राय ने जन जागरूकता पैदा की थी।”
उन्होंने कहा कि मारीमुथु का निधन सिनेमा जगत के लिए एक 'बड़ी क्षति' है।
रजनीकांत ने दिवंगत अभिनेता-निर्देशक को एक "अच्छा इंसान" बताया और उनके निधन पर दुख व्यक्त किया।
प्रसन्ना ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘निर्देशक जी मारीमुथु के निधन की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ। हमने साथ में 'कन्नुम कन्नुम' और 'पुलिवाल' में काम किया। हमारे बीच भाई जैसा रिश्ता था। हम कई बातों पर सहमत और असहमत हुआ करते थे। उनका जीवन आसान नहीं था। एक अभिनेता के रूप में वह बहुत अच्छा कर रहे थे। बहुत जल्दी उन्होंने साथ छोड़ दिया। दुखद। उनकी आत्मा को शांति मिले।’’
मारीमुथु ने हाल में अभिनय करना शुरू किया था और उन्हें कई फिल्मों और टेली-धारावाहिकों में देखा गया था। सन पिक्चर्स, अभिनेत्री राधिका सरथकुमार, एम शशिकुमार और अरुण विजय सहित कई बड़ी हस्तियों ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY