देश की खबरें | मणिपुर के मुख्यमंत्री को धमकाने वाले उम्मीदवार पर करें कार्रवाई : जिला उपायुक्त
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पूर्वी इंफाल जिले के उपायुक्त खुमानथेम डायना ने पुलिस से आंतरिक मणिपुर लोकसभा सीट के निर्दलीय उम्मीदवार मोइरांगथेम टोटोमसाना के खिलाफ उनके कथित अपमानजनक बयान और मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह को नुकसान पहुंचाने की धमकी देने के लिए ‘कानूनी कार्रवाई’ करने को कहा है।
इंफाल, तीन अप्रैल पूर्वी इंफाल जिले के उपायुक्त खुमानथेम डायना ने पुलिस से आंतरिक मणिपुर लोकसभा सीट के निर्दलीय उम्मीदवार मोइरांगथेम टोटोमसाना के खिलाफ उनके कथित अपमानजनक बयान और मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह को नुकसान पहुंचाने की धमकी देने के लिए ‘कानूनी कार्रवाई’ करने को कहा है।
पूर्वी इंफाल के उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने मंगलवार को पश्चिमी इंफाल जिले के पुलिस अधीक्षक को लिखे पत्र में कहा कि टोटोमसाना ने मुख्यमंत्री के लिए अपमानजनक बयान दिया है और आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन किया है।
उपायुक्त ने पुलिस अधीक्षक को लिखे पत्र में कहा, ‘‘ मैं आपके संज्ञान में दो अप्रैल को सीधे प्रसारित शो को लाना चाहता हूं जिसमें मोइरांगथेम टोटोमसाना नाम के एक उम्मीदवार ने आदर्श आचार संहिता के प्रावधानों का उल्लंघन करते हुए मणिपुर के मुख्यमंत्री के खिलाफ अपमानजनक बयान दिया था। उन्होंने मुख्यमंत्री को शारीरिक क्षति पहुंचाने तक की धमकी देते हुए कहा था कि जब भी मौका मिलेगा वह उन्हें मार डालेंगे, जो एक व्यक्ति के निजी जीवन पर हमला है।’’
पत्र में कहा गया, ‘‘आपसे अनुरोध है कि भारतीय दंड संहिता के प्रावधानों के तहत मोइरांगथेम टोटोमसाना के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करें।’’
उपायुक्त ने साथ ही कहा, ‘‘इस संबंध में पांच अप्रैल तक कार्रवाई रिपोर्ट से अवगत कराएं।’’
आंतरिक मणिपुर लोकसभा के उम्मीदवारों के बीच चर्चा के दौरान टोटोमसाना ने कहा था, ‘‘बीरेन को इस्तीफा दे देना चाहिए। अगर वह नहीं देते... तो मैं उन्हें मारना चाहता हूं...।’’ इस बयान की चर्चा के आयोजकों ने आलोचना की थी और टोटोमसाना से अपना बयान वापस लेने को कहा था।
इस बीच, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)की मणिपुर इकाई ने बुधवार को परिचर्चा कार्यक्रम के दौरान निर्दलीय उम्मीदवार मोइरांगथेम टोटोमसाना द्वारा मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह को जान से मारने की धमकी दिए जाने की कड़ी निंदा की।
प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष चिदानंद सिंह ने ‘पीटीआई-’ से कहा, ‘‘हम आगामी लोकसभा चुनाव में खड़े एक निर्दलीय उम्मीदवार द्वारा दी गई मौखिक धमकी की कड़ी निंदा करते हैं और चाहते हैं कि उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 03, 2024 05:18 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

