तैयारी के लिये समय नहीं होने पर स्थगित कर देना चाहिये टी20 विश्व कप : जासन रॉय
कोरोना वायरस महामारी के कारण दुनिया भर में क्रिकेट समेत सभी खेल ठप हैं और आस्ट्रेलिया में होने वाले टी20 विश्व कप को लेकर भी अटकलें लगाई जा रही हैं ।
लंदन, चार मई फिर से बच्चे की तरह महसूस कर रहे इंग्लैंड के बल्लेबाज जासन रॉय क्रिकेट के मैदान पर लौटने को बेताब हैं लेकिन उन्होंने कहा कि तैयारी का समय नहीं होने पर अक्टूबर नवंबर में होने वाला टी20 विश्व कप स्थगित कर देना चाहिये ।
कोरोना वायरस महामारी के कारण दुनिया भर में क्रिकेट समेत सभी खेल ठप हैं और आस्ट्रेलिया में होने वाले टी20 विश्व कप को लेकर भी अटकलें लगाई जा रही हैं ।
रॉय ने ईएसपीएन क्रिकइन्फो से कहा ,‘‘ यदि खिलाड़ी तैयारी नहीं कर पाते हैं और हम आस्ट्रेलिया नहीं जा पाते हैं तो इसे स्थगित करना ही ठीक होगा ।’’
उन्होंने कहा ,‘‘लेकिन विश्व कप होता है तो हमारा काम क्रिकेट खेलना है । अगर कहा जाता है कि तैयारी के लिये तीन ही हफ्ते हैं तो घर पर तैयारी करके भी हम खेलेंगे ।’’
इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने भी एक जुलाई तक क्रिकेट पर रोक लगा दी है । रॉय खेलने के लिये बेकरार हैं लेकिन कहा कि सुरक्षा सर्वोपरि है ।
उन्होंने कहा ,‘‘ मुझे ईसीबी पर पूरा भरोसा है । वे सभी पहलुओं पर विचार करेंगे और हमें उनकी बात पर भरोसा करना चाहिये । मैं इयोन मोर्गन से बात करूंगा और देखूंगा कि वह क्या सोचता है ।’’
उन्होंने कहा कि दर्शकों के बिना खेलने में भी उन्हें ऐतराज नहीं है ।
उन्होंने कहा ,‘‘ मैं सिर्फ क्रिकेट खेलना चाहता हूं । दोबारा मैदान पर लौटने का अहसास अद्भुत होगा । मैं फिर एक बच्चे की तरह महसूस कर रहा हूं ।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 04, 2020 11:06 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

