ताजा खबरें | 	प्रमुख भारतीय-अमेरिकी समूह ‘इम्पैक्ट’ और ‘पीएसी’ ने फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि वे अभियान के लिए एक करोड़ डॉलर जुटाएंगे।

इस बीच, अमेरिका में मुख्यधारा के मीडिया ने कमला हैरिस को उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाए जाने को ‘ऐतिहासिक’ करार दिया है।

मीडिया ने इस फैसले का कुछ उसी तरह स्वागत किया, जैसा बराक ओबामा को 2008 में राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाए जाने पर किया गया था।

यह भी पढ़े | देश की खबरें | कांग्रेस विधायक जयपुर लौटे, गहलोत ने कहा : भूलो, माफ करो और आगे बढ़ो.

‘वाशिंगटन पोस्ट’ ने बुधवार के अपने संस्करण में शीर्षक दिया, ‘‘ऐतिहासिक कदम: बाइडेन ने उपराष्ट्रपति पद के लिए हैरिस को चुना।’’

समाचार पत्र ने लिखा, ‘‘किसी बड़ी पार्टी के टिकट से पहली अश्वेत महिला और पहली एशियाई-अमेरिकी महिला को ऐसे समय में उम्मीदवार बनाया गया है, जब देश नस्ली अतीत और भविष्य से जूझ रहा है।’’

यह भी पढ़े | देश की खबरें | कांग्रेस विधायक जयपुर लौटे, गहलोत ने कहा : भूलो, माफ करो और आगे बढ़ो.

हैरिस राष्ट्रपति पद के लिए डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवार बनने की दावेदार भी रह चुकी हैं।

‘न्यूयार्क टाइम्स’ ने शीर्षक दिया, ‘‘बाइडेन ने उपराष्ट्रपति पद के लिए कमला हैरिस को चुना है, किसी बड़ी पार्टी के टिकट पर पहली अश्वेत महिला को चुना गया।’’

‘द वाल स्ट्रीट जर्नल’ ने शीर्षक दिया, ‘‘बाइडेन ने उपराष्ट्रपति पद के लिए हैरिस को नामित कर इतिहास रचा।’’

इसने कहा कि भारत एवं जमैका के प्रवासियों की बेटी हैरिस 2016 में सीनेट में चुने जाने के बाद से डेमोक्रेटिक पार्टी की उभरती सितारा हैं।

‘द लॉस एंजिलिस टाइम्स’ ने लिखा, ‘‘कमला हैरिस उपराष्ट्रपति पद के लिए जो बाइडेन का ऐतिहासिक चयन हैं।’’

‘जमैकन टाइम्स’ ने शीर्षक दिया, ‘‘बाइडेन ने उपराष्ट्रपति पद के लिए कैलिफोर्निया की सीनेटर कमला हैरिस को चुना।’’

इस बीच, उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के चयन की प्रक्रिया से अवगत डेमोक्रेटिक पार्टी के एक पदाधिकारी ने ‘सीएनएन’ को बताया कि हैरिस को उनके अनुभव और पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा की सलाह पर उम्मीदवार चुना गया।

पार्टी के एक अन्य उच्च पदाधिकारी ने बताया कि बाइडेन ने देश में नस्ली भेदभाव के खिलाफ चल रहे प्रदर्शनों के मद्देनजर उपराष्ट्रपति पद (अपनी रनिंग मेट) के उम्मीदवार के लिए कमला हैरिस को चुना।

इससे पहले, जो बाइडेन डेमोक्रेटिक पार्टी की ओर से उपराष्ट्रपति पद के लिए मिशिगन की गवर्नर ग्रेचन व्हिटमर को चुनना चाहते थे। व्हिटमर ने मिशिगन में लोकप्रियता और कोरोना वायरस संक्रमण के खिलाफ अपने आक्रामक रवैये के कारण बाइडेन और उनकी चुनाव प्रचार मुहिम टीम का ध्यान खींचा था, लेकिन इसी बीच पुलिस कार्रवाई में काले व्यक्ति जॉर्ज फ्लॉयड की मौत के बाद नस्ली भेदभाव और असमानता के खिलाफ देशभर में प्रदर्शन शुरू हो गए।

उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के चयन की प्रक्रिया से अवगत डेमोक्रेटिक पार्टी के उच्च अधिकारी ने बताया कि इन प्रदर्शनों के बीच व्हिटमर ने बाइडेन की टीम को लिखे पत्र में कहा था कि वह अपने नाम पर विचार किए जाने से सम्मानित महसूस कर रही हैं, लेकिन अब वह इस पद की उम्मीदवारी की दावेदार नहीं बनना चाहतीं। उन्होंने इस पद के लिए किसी काली महिला को उम्मीदवार बनाए जाने की सिफारिश की थी।

अधिकारी ने बताया कि बाइडेन ने व्हिटमर से व्यक्तिगत रूप से मिलकर उनसे अपने फैसले पर पुन: विचार करने को कहा था और वह उम्मीदवार बनने के लिए राजी हो गई थीं, लेकिन डेमोक्रेटिक पार्टी के अन्य सदस्य चाहते थे कि बाइडेन किसी काली महिला को उपराष्ट्रपति पद के लिए चुनें।

फ्लॉयड और अन्य काले अमेरिकियों की मौत के बाद देशभर में प्रदर्शन बढ़ने के बीच डेमोक्रेटिक पार्टी के कई सदस्यों ने बाइडेन से अपील की कि वे चुनाव में काले लोगों की महत्ता के मद्देनजर इस पद के लिए किसी काली महिला का चयन करें।

उन्होंने बताया कि इन सभी बातों पर विचार करते हुए बाइडेन ने कैलिफोर्निया की सीनेटर कमला हैरिस को चुना।

वहीं, चीन के विशेषज्ञों ने अपनी टिप्पणी में कहा है कि कमला हैरिस को अमेरिकी उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाने का डेमोक्रेटिक पार्टी का फैसला चीन-अमेरिका के बीच वर्तमान में जारी तनाव में ‘‘आग में घी डालने’’ का काम करेगा क्योंकि वह शिनजियांग और हांगकांग में मानवाधिकारों उल्लंघन को लेकर काफ मुखर रही हैं।

चीन ने हालांकि, इस बारे में आधिकारिक रूप से टिप्पणी करने से इनकार किया, लेकिन इसकी आधिकारिक मीडिया ने विश्लेषकों के हवाले से कहा कि यह घटनाक्रम चीन-अमेरिका के बीच जारी तनाव में ‘‘आग में घी डालने’’ का काम करेगा।

चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता झाओ लिजान ने बीजिंग में इस बारे में पूछे जाने पर टिप्पणी से इनकार किया और कहा, ‘‘यह अमेरिका का आंतरिक मामला है और हस्तक्षेप करने में हमारी कोई रुचि नहीं है।’’

उनका स्पष्ट इशारा अमेरिका के इन आरोपों की ओर था कि अमेरिका में नंवबर में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव में चीन, रूस और ईरान हस्तक्षेप की कोशिश कर सकते हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)