जरुरी जानकारी | स्विगी ने रामको सीमेंट्स, रामको इंडस्ट्रीज से खुदरा वितरण कंपनी लिंक के अधिग्रहण के लिए करार किया

दिल्ली, 13 जुलाई उपभोक्ताओं के ऑर्डर पर उनके पास खानपान का सामान पहुंचाने वाले ऑनलाइन मंच स्विगी ने शेयर अदला-बदली सौदे के जरिये द रामको सीमेंट्स एंड रामको इंडस्ट्रीज से रोजाना के उपभोग के सामान (एफएमसीजी) की खुदरा वितरण कंपनी लिंक लॉजिस्टिक्स लिमिटेड का अधिग्रहण करने का पक्का करार किया है।

इन कंपनियों ने बृहस्पतिवार को बयान में यह जानकारी दी।

इस सौदे के बाद से स्विगी ने प्रौद्योगिकी आधारित वितरण मंच के साथ देश के व्यापक खुदरा बाजार में पदार्पण किया है।

रामको सीमेंट्स ने शेयर बाजार को बताया कि कंपनी लिंक लॉजिस्टिक्स लिमिटेड में अपने लगभग 49.95 करोड़ इक्विटी शेयरों को स्विगी ब्रांड के तहत संचालित बंडल टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड को बेचेगी।

इसके साथ ही, रामको सीमेंट्स ने कहा कि वह “शेयरों की बिक्री के मद्देनजर बंडल टेक्नोलॉजीज के 24,18,915 अनिवार्य परिवर्तनीय तरजीही शेयर खरीदेगी।”

रामको इंडस्ट्रीज ने शेयर बाजार को दी एक अन्य सूचना में कहा कि 12 जुलाई को हुई बैठक में उसके निदेशक मंडल ने बंडल के 22,35,223 अनिवार्य रूप से परिवर्तनीय तरजीही शेयरों (सीसीपीएस) के बदले लिंक में अपने सभी (लगभग 46.15 करोड़ इक्विटी) शेयर बंडल को बेचने और हस्तांतरित करने के लिए शेयर सदस्यता और खरीद समझौते (एसएसपीए) को मंजूरी दी है।

अधिग्रहण के बाद भी लिंक अपने सह-संस्थापक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी शेखर भेंडे की अगुवाई में स्वतंत्र कारोबार कंपनी के तौर पर काम करती रहेगी।

लिंक देश के प्रमुख आठ शहरों में लगभग 1,00,000 खुदरा स्टोर के नेटवर्क के माध्यम से एफएमसीजी कंपनियों को खुदरा बाजार में विस्तार करने में मदद करता है।

स्विगी ने कहा, “इस अधिग्रहण के साथ वह दुनिया के सबसे बड़े और सबसे तेजी से आगे बढ़ने वाले भारतीय खुदरा खाद्य एवं किराना बाजार में कदम रखेगी। भारत का खुदरा खाद्य एवं किराना बाजार 570 अरब डॉलर से ज्यादा का है और इसके आठ प्रतिशत सालाना की दर से बढ़ने की उम्मीद है।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)