विदेश की खबरें | यरूशलम में संदिग्ध आतंकवादी हमले में दो लोगों की मौत, पांच घायल

यरूशलम, 10 फरवरी इजराइल के यरूशलम शहर में शुक्रवार को एक चालक ने बस अड्डे पर मौजूद लोगों की भीड़ पर जानबूझकर अपनी कार चढ़ा दी जिससे छह साल के लड़के समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गये। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

इजराइली पुलिस और बचाव अधिकारियों ने कहा कि चालक की पहचान 31 वर्षीय हुसैन काराके के रूप में हुई है, जिसकी घटना स्थल पर ही एक पुलिस अधिकारी की गोली से मौत हो गई। इजराइली पुलिस ने बताया कि हुसैन ने पूर्वी यरूशलम के रामोट के पड़ोस में लोगों की भीड़ पर अपनी कार चढ़ा दी थी।

काराके पूर्वी यरुशलम के पड़ोस में स्थित इसावियाह का निवासी था और उसके पास इजराइल की नागरिकता थी। एक मृतक की पहचान 20 वर्षीय छात्र येशिवा के रूप में हुई है जो घटना के वक्त पत्नी के साथ अपने माता-पिता के घर जा रहा था।

येशिवा को गंभीर हालत में शारे जेडेक मेडिकल सेंटर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस जोड़े की शादी दो महीने पहले हुई थी।

इजरायल के राष्ट्रपति इसहाक हर्जोग ने कहा, ‘‘शब्बत से ठीक पहले, हमारा दिल एक घृणित आतंकी की भयावह खबर से पीड़ित हैं, जिसने यरूशलम में कार चढ़ाकर हमला किया जिसमें एक छोटे से लड़के और एक युवक की जान चली गई। इजराइल के लोगों के साथ मिलकर मैं परिवारों के प्रति शोक व्यक्त करता हूं और घायलों के ठीक होने की प्रार्थना करता हूं।’’

प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने आतंकवादी के घर को तत्काल सील कर ध्वस्त करने के निर्देश दिए हैं।

मैगन डेविड एडोम आपातकालीन बचाव सेवा के अनुसार, एक बच्चे सहित तीन घायलों की हालत गंभीर है, जबकि दो अन्य खतरे से बाहर हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)