ICC T20 Cricketer of the Year 2024: सूर्यकुमार यादव फिर बन सकते है आईसीसी बेस्ट टी20 क्रिकेटर ऑफ़ द इयर, दौड़ में सबसे आगे फॉर्मेट में नंबर वन बल्लेबाज
भारत के स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव को बुधवार को आईसीसी के पुरुष ‘टी20 क्रिकेटर ऑफ द ईयर’ के लिए चार नामांकन में शामिल किया गया
ICC T20 Cricketer of the Year 2024: दुबई, तीन जनवरी भारत के स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव को बुधवार को आईसीसी के पुरुष ‘टी20 क्रिकेटर ऑफ द ईयर’ के लिए चार नामांकन में शामिल किया गया. भारत के इस 33 साल के खिलाड़ी ने 2022 में यह पुरस्कार जीता था. वर्ष 2023 में सूर्यकुमार ने दबदबा बनाते हुए 17 पारियों में 48.86 के औसत और 155.95 के स्ट्राइक रेट से 733 रन बनाये हैं. सूर्यकुमार ने 2023 की शुरूआत श्रीलंका के खिलाफ महज सात रन से की लेकिन इसके बाद अगले दो मैच में 51 (36 गेंद) और नाबाद 112 (51 गेंद) रन की पारियां खेलीं. यह भी पढ़ें: अजीत अगरकर के हाथों में विराट कोहली- रोहित शर्मा का टी20 करियर, जल्द लेंगे बड़ा फैसला, अफ़ग़ानिस्तान के खिलाफ सीरीज में कर सकते है वापसी
सूर्यकुमार की 51 गेंद में नाबाद 112 रन की पारी में नौ छक्के और सात चौके जड़े थे जिससे उन्होंने लगभग तीन गेंद में एक बार बाउंड्री लगायी. इससे वह भारत के लिए पुरुष टी20 मैचों में रोहित शर्मा के बाद दूसरे सबसे तेज शतक जड़ने वाले खिलाड़ी बन गये. रोहित ने इसी प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ 2017 में 35 गेंद में यह उपलब्धि हासिल की थी.
फिर उनका 20 से 40 रन का स्कोर बनाना जारी रहा जिसके बाद प्रोविडेंस में वेस्टइंडीज के खिलाफ 44 गेंद में 83 रन की पारी ने उनकी ‘क्लास’ साबित की. उन्होंने फिर फ्लोरिडा में वेस्टइंडीज के खिलाफ 45 गेंद में 61 रन बनाकर श्रृंखला का समापन किया. कप्तानी के बोझ के बावजूद सूर्यकुमार के बल्ले से रन निकलने जारी रहे. उन्होंने साल के अंत में युवा भारतीय टीम की जिम्मेदारी संभाली थी.
उन्होंने आस्ट्रेलिया के खिलाफ 42 गेंद में 80 रन, दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 36 गेंद में 56 रन और फिर जोहानिसबर्ग में साल के अंतिम टी20 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ महज 56 गेंद में 100 रन बनाये.
इस पुरस्कार के नामांकन में तीन अन्य खिलाड़ी जिम्बाब्वे के सिकंदर रजा (11 पारियों में 515 रन, 17 विकेट), यूगांडा के अल्पेश रामजानी (55 विकेट) और न्यूजीलैंड के मार्क चैपमैन (17 पारियों में 556 रन) शामिल हैं.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jan 03, 2024 06:20 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

