देश की खबरें | सूर्या ने छत्तीसगढ़ में भ्रष्ट्राचार, माफिया राज को पनपने देने का आरोप लगाया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद और भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या ने बुधवार को छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार पर भ्रष्टाचार करने और राज्य में माफिया राज को पनपने देने का आरोप लगाया।

रायपुर, 24 अगस्त भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद और भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या ने बुधवार को छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार पर भ्रष्टाचार करने और राज्य में माफिया राज को पनपने देने का आरोप लगाया।

सूर्या ने रायपुर के स्वामी विवेकानंद हवाईअड्डे पर संवाददाताओं से कहा, ‘‘मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का समय समाप्त हो गया है। छत्तीसगढ़ के युवाओं ने अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव में उनकी सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प ले लिया है।’’

भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सूर्या बुधवार को संगठन द्वारा आयोजित मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास का घेराव और विरोध प्रदर्शन में शामिल होने रायपुर पहुंचे हैं।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में सबसे बड़ा आंदोलन और प्रदर्शन भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली सरकार के खिलाफ किया जा रहा है। राज्य सरकार में हर विभाग में माफिया राज चल रहा है। बेरोजगारी बढ़ रही है और भ्रष्टाचार बढ़ रहा है। महिलाओं और अन्य वर्ग के खिलाफ अपराध भी बढ़ा है।

भाजपा सांसद ने कहा कि इस असंवेदनशील सरकार के खिलाफ युवा मोर्चा के कार्यकर्ता आंदोलन करने एकत्र हुए हैं।

सूर्या ने कहा, ‘‘मैं भूपेश जी को इस मौके पर स्पष्ट रूप से चेतावनी देना चाहता हूं कि उनका समय समाप्त हो गया है। आपकी सरकार को उखाड़कर फेंकने का संकल्प छत्तीसगढ़ के युवाओं ने ले लिया है। आपको अपना बोरिया-बिस्तर बांधकर मुख्यमंत्री आवास छोड़ देना चाहिए।’’

राज्य में भाजपा के नेताओं ने बताया कि हवाईअड्डे पर स्वागत के बाद सूर्या भाजपा कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर के लिए रवाना हो गए। बाद में, वह पार्टी की प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव और पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह समेत वरिष्ठ भाजपा नेताओं के साथ रायपुर नगर निगम कार्यालय के सामने धरना स्थल पर पहुंचेंगे।

रायपुर जिले के पुलिस अधिकारियों ने बताया कि विरोध प्रदर्शन को देखते हुए राजधानी में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है तथा मुख्यमंत्री निवास जाने वाले रास्तों को बंद कर दिया गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now