देश की खबरें | सुरजेवाला ने कर्नाटक के मंत्रियों के कामकाज की समीक्षा की, विधायकों की शिकायतों का समाधान किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस महासचिव और कर्नाटक प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने मंगलवार को प्रदेश के कई मंत्रियों के साथ व्यक्तिगत बैठक की और उनकी शिकायतों को समझा, उनके प्रदर्शन का आकलन किया तथा पार्टी विधायकों द्वारा की गई शिकायतों का समाधान किया।
बेंगलुरु, 15 जुलाई कांग्रेस महासचिव और कर्नाटक प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने मंगलवार को प्रदेश के कई मंत्रियों के साथ व्यक्तिगत बैठक की और उनकी शिकायतों को समझा, उनके प्रदर्शन का आकलन किया तथा पार्टी विधायकों द्वारा की गई शिकायतों का समाधान किया।
लोक निर्माण मंत्री सतीश जारकीहोली ने पत्रकारों के साथ बातचीत में कहा कि बैठक के दौरान उन्होंने कांग्रेस महासचिव को अपने विभाग के तहत किए गए विकास कार्यों की जानकारी दी।
जारकीहोली ने कहा, ‘‘मैंने उन्हें अपने द्वारा किए गए कार्यों के बारे में बताया, जैसे कि प्रत्येक निर्वाचन क्षेत्र में सार्वजनिक कार्यों पर कितना पैसा खर्च किया गया है। लगभग 12 विधायकों ने अपने विधानसभा क्षेत्र में किए जाने वाले कार्यों की सूची दी है। हमने उनकी बात सुनी, लेकिन दो-तीन काम शुरू नहीं हो पाए। मैं एक बैठक बुलाकर उन्हें पूरा करवाऊँगा।’’
बैठक के बाद स्वास्थ्य मंत्री दिनेश गुंडू राव ने बैठक को ज्यादा तवज्जो नहीं देते हुए कहा कि सुरजेवाला ने उनके साथ कुछ प्रतिक्रियाओं को साझा किया है।
राव ने कहा, ‘‘हमने उन मुद्दों पर चर्चा की, जो उनकी जानकारी में आए। बस इतना ही। इसमें बोलने लायक कुछ खास नहीं है। हम उनकी बात के आधार पर कार्रवाई करेंगे।’’
कर्नाटक के लघु सिंचाई, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री एन एस बोसराजू ने भी पार्टी महासचिव से मुलाकात की और कहा कि विधायकों की मांगों से उन्हें अवगत कराया गया है।
मंत्री ने मीडिया से कहा, ‘‘हमारे महासचिव ने मुझे बुलाया था। इसलिए मैं यहाँ आया। उन्होंने हमारे विधायकों की माँगें मेरे सामने रखीं। मुझे बताया गया कि ज़्यादातर विधायकों ने मेरे बारे में अच्छी राय दी है, जो बहुत खुशी की बात है।’’
सुरजेवाला ने बोसराजू के विभाग के कामकाज, विधायकों की मांगों को पूरा करने और उनके जिले में पार्टी को मजबूत करने के लिए उठाए गए कदमों की भी समीक्षा की।
यह पूछे जाने पर कि क्या आंतरिक असंतोष के बारे में कोई सवाल थे, मंत्री ने कहा, ‘‘हमारी पार्टी में कोई आंतरिक समस्या नहीं है। बस एक-दो लोगों को समस्या थी, जिसे सुलझा लिया गया है। हमारी पार्टी या विपक्षी दलों की ओर से मुझ पर कोई आरोप नहीं लगाया गया है।’’
सूत्रों ने बताया कि कुछ दिन पहले सुरजेवाला के साथ बैठक के दौरान कई विधायकों ने अपनी मांगों की अनदेखी करने के लिए कुछ मंत्रियों के प्रति असंतोष व्यक्त किया था।
उनकी शिकायत यह थी कि उनके निर्वाचन क्षेत्रों में विकास कार्य ठप पड़े हैं।
जवाब में, सुरजेवाला ने मंत्रियों के साथ बैठकें कर प्रदर्शन का आकलन किया और पार्टी आलाकमान को इसकी जानकारी दी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 15, 2025 08:28 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

