देश की खबरें | पुडुचेरी मंत्रिमंडल में भाजपा विधायक को शामिल करने के लिए समर्थकों ने प्रदर्शन किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पुडुचेरी के भाजपा विधायक जॉन कुमार के समर्थकों ने यहां पार्टी मुख्यालय के सामने शनिवार को प्रदर्शन किया और पार्टी नेतृत्व से एआईएनआरसी की अध्यक्षता में गठित होने वाले राजग मंत्रिमंडल में उन्हें शामिल करने की मांग की।
पुडुचेरी, 19 जून पुडुचेरी के भाजपा विधायक जॉन कुमार के समर्थकों ने यहां पार्टी मुख्यालय के सामने शनिवार को प्रदर्शन किया और पार्टी नेतृत्व से एआईएनआरसी की अध्यक्षता में गठित होने वाले राजग मंत्रिमंडल में उन्हें शामिल करने की मांग की।
कुमार के बेटे रिचर्ड भी भाजपा विधायक हैं। पार्टी सूत्रों ने बताया कि उन्होंने दिन में दिल्ली जाकर पार्टी महासचिव संतोष से मुलाकात की और शीर्ष नेतृत्व से मंत्रिमंडल में शामिल कराने का आह्वान किया।
उन्होंने बताया कि शीर्ष नेतृत्व् पहले ही मंत्रियों की सूची एआईएनआरसी संस्थापक और मुख्यमंत्री एन रंगासामी को दे चुके थे जिसमें पूर्व उद्योग मंत्री ए नमशिवायम और जॉन कुमार को रंगासामी नीत मंत्रिमंडल में शामिल करने की अनुशंसा की गई थी। हालांकि, भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने बाद में रंगासामी से कहा कि वह सूची के आधार पर आगे नहीं बढ़े।
इससे यहां कुमार के समर्थकों में आशंका पैदा हुई और उन्होंने प्रदर्शन किया और कुमार को मंत्रिमंडल में शामिल करने की मांग करते हुए नारे लगाए।
हालांकि, तत्काल यह स्पष्ट नहीं हो सका कि पार्टी नेतृत्व ने क्यों रंगासामी से सूची के अनुसार आगे नहीं बढ़ने को कहा। इस पूरे घटनाक्रम पर पुडुचेरी भाजपा समिति के अध्यक्ष वी समीनाथन टिप्पणी करने के लिए उपलब्ध नहीं हुए।
गौरतलब है कि रंगासामी के नेतृत्व में गठित राष्ट्रीय जनतांत्रिक सरकार (राजग) में इस समय कोई मंत्री नहीं है और मुख्यमंत्री अकेले प्रशासन देख रहे हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)