शिमला, 23 दिसंबर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कुछ देशों में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के मद्देनजर पहाड़ी राज्य में आने वाले पर्यटकों से एहतियात के तौर पर मास्क लगाने सहित कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन करने का शुक्रवार को आग्रह किया।
मुख्यमंत्री ने यह आग्रह कोरोना वायरस के ओमीक्रोन स्वरूप के उपस्वरूप ‘बीएफ.7’ के चीन समेत कुछ देशों में फैलने के बीच किया।
उन्होंने कहा कि उचित कानून-व्यवस्था बनाए रखी जाए और उन स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किए जाए जहां बड़ी संख्या में सैलानी पहुंचते हैं ताकि राज्य में शांति व्यवस्था कायम रहे।
उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित करने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जाने चाहिए कि पर्यटकों को राज्य में रहने के दौरान घर जैसा महसूस हो।
सुक्खू ने प्राधिकारियों को खासकर क्रिसमस और नए साल के मौके पर राज्य में आने वाले पर्यटकों की सुविधा के लिए पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एक बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटक के वाहनों की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए विशेष व्यवस्था की जाए और सैलानियों से अपील की कि वे सड़क किनारे अपनी गाड़ियां खड़ी न करें।
उन्होंने पुलिस विभाग को प्रभावी यातायात प्रबंधन के लिए ड्रोन का उपयोग करने का निर्देश दिया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY