एजेंसी न्यूज

मथुरा में छात्र के माता-पिता भी कोरोना वायरस से संक्रमित निकले, जनपद रेड जोन में शामिल

जनपद को शुक्रवार को कोविड-19 से प्रभावित क्षेत्रों की सूची में रेड जोन में शामिल किया गया।

मथुरा में छात्र के माता-पिता भी कोरोना वायरस से संक्रमित निकले, जनपद रेड जोन में शामिल
जमात

मथुरा, एक मई उत्तरप्रदेश के मथुरा जनपद में कोरोना वायरस से संक्रमित एक छात्र के माता-पिता भी कोविड-19 से संक्रमित पाए गए हैं। इस प्रकार जनपद में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 18 हो गई है।

जनपद को शुक्रवार को कोविड-19 से प्रभावित क्षेत्रों की सूची में रेड जोन में शामिल किया गया।

जिला स्वास्थ्य विभाग को शुक्रवार को अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज से प्राप्त हुई रिपोर्ट के अनुसार बीते 24 अप्रैल को जांच के लिए भेजे गए छात्र के नमूने पॉजिटिव पाए गए हैं।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, पिछले दिनों नगर के कोतवाली क्षेत्र के नगला पाइसा मोहल्ला निवासी एक छात्र को खांसी, जुकाम व बुखार की शिकायत हुई तो उसने दिल्ली के एक निजी अस्पताल में जांच कराई। वहां उसमें संक्रमण की पुष्टि हुई।

इसके बाद उसने अगले ही दिन सीएमओ को इसकी जानकारी दी, जिस पर उसे वृन्दावन में बनाए गए एल-वन स्तरीय आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया और उसके माता-पिता व बहन के नमूने लेकर उनको कृष्णा कुटीर में स्थापित क्वारंटाइन सेंटर में 14 दिन के लिए भेज दिया गया।

लेकिन अब उनके भी नमूने पॉजिटिव आने के बाद उन्हें भी आइसोलेट कर दिया गया है।

गौरतलब है कि छात्र लॉकडाउन लागू होने के बाद वालंटियर के रूप में निर्धन बस्तियों में रसद सामग्री वितरित करने के लिए जाता था।

इस बीच चिकित्साकर्मियों में संक्रमण पाए जाने के बाद दो दर्जन के सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे। उनमें से 20 की रिपोर्ट आई है और वे सभी नेगेटिव पाए गए हैं। चार के बारे में रिपोर्ट आनी बाकी है।

कोविड-19 प्रभाव वाले क्षेत्रों की नई सूची में मथुरा को शुक्रवार को रेड जोन में शामिल किया गया । इससे परेशान अधिकारियों ने अब कोरोना के बढ़ते प्रकोप से निपटने की नई रणनीति तैयार करने पर काम करना शुरू कर दिया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 01, 2020 08:46 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).