एजेंसी न्यूज

प्रयागराज से छात्रों को पहुंचाया जा रहा है घर: अपर मुख्य सचिव

अधिकारी ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रयोग की जाने वाली पीपीई (व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण) किट को लेकर भ्रामक व तथ्यहीन बातें फैलाई जा रही हैं। कोविड-19 मामले आने पर पहले से मौजूद एस1, एस2 के लिए उपलब्ध पीपीई किट का प्रयोग शुरू किया गया था जिसे 115 रूपये में अक्टूबर 2019 में खरीदा गया था।

प्रयागराज से छात्रों को पहुंचाया जा रहा है घर: अपर मुख्य सचिव
जमात

लखनऊ, 28 अप्रैल प्रयागराज में अध्ययनरत छात्रों को उनके गृह जनपद तक पहुंचाने का काम आरंभ हो चुका है और इन छात्रों को स्वास्थ्य परीक्षण के बाद बसों से इनके घर पहुंचाने का काम हो रहा है। यह जानकारी एक वरिष्ठ अधिकारी ने दी।

अधिकारी ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रयोग की जाने वाली पीपीई (व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण) किट को लेकर भ्रामक व तथ्यहीन बातें फैलाई जा रही हैं। कोविड-19 मामले आने पर पहले से मौजूद एस1, एस2 के लिए उपलब्ध पीपीई किट का प्रयोग शुरू किया गया था जिसे 115 रूपये में अक्टूबर 2019 में खरीदा गया था।

अपर मुख्य सचिव (गृह) अवनीश कुमार अवस्थी ने मंगलवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि प्रयागराज से जो छात्र प्रदेश में अपने अपने जनपदों को जा रहे हैं, उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है। जब ये छात्र अपने अपने जिलों में पहुंचेंगे तो वहां भी उनका स्वास्थ्य परीक्षण होगा।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के बाद प्रयागराज में शिक्षारत 10 हजार छात्रों को उनके गृह जनपदों तक पहुंचाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। मंगलवार शाम तक सैकड़ों छात्रों को लेकर 80 बसें रवाना कर दी गई थीं। हर बस में 30 छात्रों को रखा जा रहा है। उन्होंने बताया कि इन सभी छात्रों का स्वास्थ्य परिक्षण भी कराया गया है, इसके बाद छात्रों की इनके गृह जनपद में भी मेडिकल जांच करायी जाएगी।

इससे पहले कोटा राजस्थान में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्राओं को उप्र लाया गया था और उन्हें उनके गृह जनपदों में भेजा गया था ।

सोमवार को मुख्यमंत्री योगी ने प्रयागराज में प्रदेश के अन्य जिलों के रहने वाले छात्रों को उनके गृह जनपद में पहुंचाने का आदेश जारी किया था। जिससे करीब 10 हजार छात्रों को 300 बसों से उनके गृह जनपद तक पहुंचाया जाएगा।

अपर प्रमुख सचिव, गृह ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रयोग की जाने वाले पीपीई किट को लेकर भ्रामक व तथ्यहीन बातें फैलाई जा रही हैं। कोविड-19 मामले आने पर पहले से मौजूद एस1, एस2 के लिए उपलब्ध पीपीई किट का प्रयोग शुरू किया गया था। जिसे 115 रुपये में अक्टूबर 2019 में खरीदा गया था। कोविड-19 मामले आने के समय स्वास्थ्य कर्मियों को फौरी बचाव के लिए ही इस पीपीई किट को उपलब्ध कराया गया। हालांकि जैसे ही कोविड-19 के लिए मानक अनुसार पीपीई किट उपलब्ध होने लगी तो एस1, एस2 के पीपीई किट को वापस मंगा लिया गया। नई किट की कीमत 1100 रूपये से अधिक है। पीपीई किट के संबंध में भ्रामक व तथ्यहीन बातों को किसने फैलाया है, इस बात की जांच भी की जा रही है।

अवस्थी ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को हॉटस्पॉट (संक्रमण से ज्यादा प्रभावित) जिलों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने निर्देशित किया कि हॉटस्पॉट क्षेत्र के सभी मकानों को सेनेटाइज किया जाए। इसके साथ ही ग्रीन व ऑरेंज जोन में कार्ययोजना बनाकर गतिविधियों को शुरू कराने का आदेश भी मुख्यमंत्री योगी ने अधिकारियों को दिया है। उन्होंने प्रदेश में मास्क निर्माण के लिए महिला स्वयं सहायता समूहों का चयन करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिया।

अपर मुख्य सचिव (गृह) ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर ही 18 जिलों में विशेष नोडल अधिकारियों की तैनाती की गई है। इस क्रम में मुख्यमंत्री ने मंगलवार को हापुड़, वाराणसी, रामपुर, मुजफ्फरनगर और अलीगढ़ में भी पुलिस के साथ एक वरिष्ठ अधिकारी की तैनाती करने का आदेश दिया है।

अवस्थी ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के बाद हरियाणा से अब तक बारह हजार से अधिक श्रमिकों को यूपी लाया गया है। इसी तरह अन्य प्रदेशों से भी वहां रह रहे उप्र के मजदूरों को लाये जाने के लिये वहां के अधिकारियों से बातचीत की जा रही है। उन्होंने बताया कि आने वाले सभी श्रमिकों की मेडिकल जांच करा ली गई है। इसके बाद भी उन्हें अपने अपने जिले के पृथक इकाई में भेजा गया है जहां उन्हें 14 दिनों तक रहना होगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 28, 2020 10:51 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).