देश की खबरें | नागपुर में एक सप्ताह के लिए कड़ा लॉकडाउन लागू, पहले दिन सैंकड़ों लोगों पर जुर्माना

नागपुर, 15 मार्च महाराष्ट्र के नागपुर में कोविड-19 के बढ़ते मामलों को थामने के लिए सोमवार को कड़ी पाबंदियों के साथ एक सप्ताह के लिए लॉकडाउन लगा दिया गया ।

पहले दिन मास्क नहीं पहनने पर सैंकड़ों लोगों पर जुर्माना लगाया गया और वाहन जब्त किए गये।

अधिकारियों ने बताया कि यह लॉकडाउन 21 मार्च तक प्रभाव में रहेगा तथा इस दौरान लोगों से तब तक घरों से निकलने से परहेज करने को कहा गया है जब तक जरूरी न हो, ताकि संक्रमण की कड़ी तोड़ी जा सके।

सोमवार को जिले में कोविड-19 के 2,297 नये मरीजों के सामने आने के साथ ही इस महामारी के मामले 1,72,799 हो गये। साथ ही, 12 मरीजों की मौत भी हुई ।

शाम को नागपुर के पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार ने संवाददाताओं को बताया कि अपराह्न तीन बजे तक अवांछनीय आवाजाही को लेकर 638 वाहन पकड़ लिये गये तथा मास्क नहीं पहनने पर 861 लोगों पर और एकदूसरे से दूरी नहीं बनाकर रखने पर 363 लोगों पर जुर्माना किया गया है।

विभिन्न थानों में अपराध के 14 मामले दर्ज किये गये।

नागपुर के निगम आयुक्त राधाकृष्णन ने कहा कि पहले दिन लॉकडाउन के प्रति अच्छी प्रतिक्रिया रही।

उन्होंने पीटीआई- से कहा, ‘‘ लोगों की आवाजाही प्रभावित नहीं हुई, केवल अवांछित आवाजाही पर पाबंदी लगायी जा रही है। ’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)