देश की खबरें | साइबर ठगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है: मंत्री बेढम
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने बृहस्पतिवार को कहा कि राज्य में साइबर ठगी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
जयपुर, 20 फरवरी गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने बृहस्पतिवार को कहा कि राज्य में साइबर ठगी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
उन्होंने कहा कि नवाचारों और नई तकनीक के समावेश से साइबर सुरक्षा तंत्र को मजबूत किया जा रहा है तथा इसके साथ ही विशेष अभियान चलाए गए हैं।
वह राज्य विधानसभा में इस बारे में पूछे गए प्रश्न का उत्तर दे रहे थे।
बेढम ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के समय में साइबर अपराधियों पर कार्रवाई करने गई पुलिस को पीटने की घटनाएं सामने आई थीं, लेकिन अब सरकार ने साइबर अपराधियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करते हुए उनके द्वारा साइबर ठगी से अर्जित की गई संपत्तियों को 'पीला पंजा' अभियान चलाकर तोड़ने की कार्रवाई की है।
उन्होंने कहा कि कड़ी कार्रवाइयों के चलते साइबर अपराधी ठगी का धंधा छोड़ने पर मजबूर हुए हैं।
प्रश्नकाल में उन्होंने कहा, “देश में अलवर, डीग, भरतपुर, जयपुर तथा जोधपुर में सबसे अधिक साइबर अपराध अंकित किये गए हैं। इससे राज्य के अन्य जिले भी प्रभावित हुए हैं। राज्य सरकार द्वारा साइबर अपराध पर अंकुश लगाने के लिए न केवल साइबर थानों का गठन किया गया है, बल्कि राज्य भर में समय-समय पर विभिन्न अभियान भी चलाए जा रहे हैं।”
विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में गृह राज्य मंत्री ने कहा कि राज्य में साइबर धोखाधड़ी और साइबर अपराधों पर नियंत्रण के लिए राज्य स्तर पर पुलिस मुख्यालय में महानिदेशक पुलिस (साइबर अपराध) तथा पुलिस अधीक्षक (साइबर अपराध) के पद स्वीकृत हैं तथा वर्तमान में दोनों अधिकारी कार्यरत हैं।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में राज्य में कुल 36 साइबर थानों का गठन किया हुआ है तथा इन थानों में नियमित रूप से साइबर अपराध से संबंधित प्रकरणों को दर्ज कर प्रभावी रूप से कार्य किया जा रहा है।
पृथ्वी
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)