देश की खबरें | पश्चिम एशिया के देशों के साथ भारत के संबंध मजबूत : वी मुरलीधरन

कोयंबटूर (तमिलनाडु), 16 जून केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री वी मुरलीधरन ने बृहस्पतिवार को कहा कि पश्चिम एशिया के देशों के साथ भारत के संबंध बेहद मजबूत हैं और हाल में पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से निलंबित प्रवक्ता नुपुर शर्मा की ओर से की गयी आपत्तिजनक टिप्पणी से रिश्तों पर कोई असर नहीं पड़ेगा।

केंद्र सरकार मुस्लिम देशों के साथ तनावपूर्ण राजनयिक संबंधों को कैसे मजबूत करने जा रही है इस पर संवाददाताओं के सवालों का जवाब देते हुए वी मुरलीधरन ने कहा, ‘‘एक लोकतांत्रिक देश होने के नाते जहां कानून का शासन है, हमारे पास एक स्वतंत्र न्यायपालिका है। देश के ये सभी संस्थान प्रत्येक नागरिक के लिए न्याय सुनिश्चित करने के अलावा हर नागरिक की देखभाल भी करते हैं।’’

केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘‘इसलिए, मुझे नहीं लगता कि हाल की घटनाओं के कारण पश्चिम एशिया के देशों के साथ हमारे संबंध किसी भी तरह से प्रभावित होंगे।’’

केरल में सोने की तस्करी के मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए मुरलीधरन ने कहा कि वह इस मामले को लेकर टिप्पणी करने की स्थिति में नहीं हैं क्योंकि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है।

इससे पहले श्रीकृष्णा कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के छात्रों को ‘‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के दौरान विदेश नीति में भारत की सफलता की कहानी’’ विषय पर संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भारत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले आठ साल के दौरान पड़ोसी और दुनिया के विभिन्न देशों के साथ संबंधों में अभूतपूर्व परिवर्तन देखा है।

उन्होंने भारत को दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बताते हुए कहा कि देश इस सूची में तीसरे स्थान की ओर बढ़ने की कोशिश करेगा। देश स्टार्टअप इको सिस्टम में तीसरे स्थान पर है और आने वाले दिनों में शिखर पर पहुंच जाएगा।

केंद्र सरकार की ओर से उठाए गए विभिन्न राजनयिक कदमों का उल्लेख करते हुए वी मुरलीधरन ने कहा कि सरकार ने श्रीलंकाई जेलों की हिरासत से तमिलनाडु के लगभग 3,000 मछुआरों की रिहाई सुनिश्चित की है और अब यह स्थिति पैदा हो गई है कि राज्य का एक भी मछुआरा श्रीलंका की जेल में बंद नहीं है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)